-राजापाकर में सीपीआई के राष्ट्रीय महासचिव डी. राजा ने की सभा — कहा, “बदलो सरकार, बदलो बिहार”
राजापाकर/वैशाली — संजय श्रीवास्तव की रिपोर्ट।
राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के भलुई पंचायत स्थित भलुई हाट परिसर में सोमवार को महागठबंधन उम्मीदवार मोहित पासवान के समर्थन में एक विशाल आमसभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के राष्ट्रीय महासचिव डी. राजा उपस्थित थे। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए एनडीए सरकार पर तीखा प्रहार किया और कहा कि “यह चुनाव सिर्फ विधानसभा का नहीं, बल्कि पूरे देश के भविष्य का चुनाव है। एनडीए को हटाना है और महागठबंधन की सरकार बनानी है।”
डी. राजा ने मंच से नारा दिया — “बदलो सरकार, बदलो बिहार” और जनता से अपील की कि वे हसुआ और गेहूं की बाली के निशान पर बटन दबाकर मोहित पासवान को भारी मतों से जीत दिलाएं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा,
> “मोदीजी कहते हैं बिहार में जंगलराज है, लेकिन क्या हमारे देश के आदिवासी और ग्रामीण भाई जंगल में नहीं रहते? क्या वे अनपढ़ या ग़ैरसंस्कृत हैं? मोदीजी की यह सोच अपमानजनक है।”
डी. राजा ने कहा कि जनता को रोज़गार, शिक्षा और स्वास्थ्य चाहिए, जुमले नहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था, लेकिन किसी को रोजगार नहीं मिला।

सीपीआई महासचिव ने आगे कहा कि बीजेपी हिंदू-मुस्लिम के नाम पर समाज में मतभेद फैलाने का काम कर रही है, जबकि महागठबंधन सभी जाति और धर्म के लोगों को एकजुट करता है।
उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव युवा नेता हैं, बिहार का भविष्य हैं। उन्हें मुख्यमंत्री बनाकर राज्य को विकास के रास्ते पर लाना है।”
कार्यक्रम में केरल से राज्यसभा सदस्य एवं सीपीआई के युवा नेता पी. संतोष ने भी संबोधित किया और मोहित पासवान को विधानसभा भेजने की अपील की।
सभा की अध्यक्षता शत्रुघ्न शशांक ने की और संचालन सीपीआई के जिला सचिव अशोक ठाकुर ने किया।
सभा को संबोधित करने वालों में अनिल कुमार, रामनरेश पांडे, गिरीश शर्मा, मंजे लाल राय, मुकेश पटेल, अनिल सहनी, बिंदेश्वर राय, अमित गिरी सहित अनेक महागठबंधन कार्यकर्ता शामिल थे।
सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, छात्र और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने “हसुआ-बाली पर बटन दबाओ, मोहित पासवान को जिताओ” के नारे लगाए।
#RajapakarElection2025 #CPI #DRaja #MoitPaswan #Mahagathbandhan #BiharPolitics #BadloBihar #VoteForChange #A2ZNewsLive #आपकीबातदीपककेसाथ #BiharElections











