-बिहार विधानसभा चुनाव: पीएम मोदी समस्तीपुर से करेंगे चुनावी अभियान की शुरुआत
मुजफ्फरपुर/समस्तीपुर।ब्यूरो।
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुनावी दौरा 24 अक्टूबर से शुरू होगा। इस दौरान वह प्रदेश के कई जिलों में जनसभाएं करेंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अपने बिहार दौरे की शुरुआत समस्तीपुर से करेंगे। वहां वे कर्पूरी ग्राम पहुंचकर समाजवादी नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि देंगे।
पीएम मोदी के दौरे का यह आगाज प्रतीकात्मक माना जा रहा है, क्योंकि कर्पूरी ठाकुर बिहार की राजनीति में सामाजिक न्याय और जनहित के प्रतीक रहे हैं। कर्पूरी ग्राम से शुरुआत कर प्रधानमंत्री मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संदेश के साथ बिहार में एनडीए की ताकत बढ़ाने की कोशिश करेंगे।

जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी समस्तीपुर और बेगूसराय में दो बड़ी चुनावी सभाएं करेंगे। इसके बाद उनका अगला चरण 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और छपरा में रैलियों के माध्यम से होगा। इसके अलावा 2, 3, 6 और 7 नवंबर को भी वह बिहार के अलग-अलग जिलों में जनसभाएं करेंगे। सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई हैं।
भाजपा नेताओं का मानना है कि पीएम मोदी की रैलियों से एनडीए के चुनावी अभियान को नई ऊर्जा मिलेगी। वहीं राजनीतिक विश्लेषक बताते हैं कि समस्तीपुर से शुरुआत करना रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह क्षेत्र समाजवादी राजनीति की पहचान रहा है और उत्तर बिहार में इसका व्यापक प्रभाव है।












