-मूर्ति विसर्जन जुलूस पर पथराव, प्रशासन ने लगाया कर्फ्यू
जनकपुरधाम/नेपाल।
जनकपुरधाम।मधुकर।
उपमहानगरपालिका वार्ड-20 देवपुरा रूपैठा में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान गुरुवार शाम दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना के बाद धनुषा जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से क्षेत्र में कर्फ्यू लागू कर दिया है। आदेश के अनुसार गुरुवार शाम 6:30 बजे से शुक्रवार सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू प्रभावी रहेगा।
जानकारी के अनुसार, विसर्जन जुलूस जनकपुरधाम की ओर जा रहा था। इसी दौरान मुस्लिम बहुल इलाके से कुछ उपद्रवियों ने छत से बोतल, रोड़ा और पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।

इससे जुलूस में शामिल लोग उग्र हो गए और दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए कई राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े।
जिला प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा जवानों को मौके पर तैनात किया है। जनकपुरधाम-जटही सड़क खंड पर यातायात बाधित है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
सौभाग्य से इस घटना में किसी भी तरह की मानवीय क्षति की सूचना नहीं है।












