Advertisement

नौ दुर्गा के स्वरूपों वाली दुर्गा प्रतिमा, भैरव स्थान पर बनी पंडाल में 50 सालों से पूजा जारी

-नौ दुर्गा के स्वरूपों वाली दुर्गा प्रतिमा, भैरव स्थान पर बनी पंडाल में 50 सालों से पूजा जारी

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

शहर में इस वर्ष नवरात्र के अवसर पर माँ दुर्गा की एक अनोखी प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। भैरव स्थान स्थित पूजा पंडाल में स्थापित इस प्रतिमा में माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों को एक साथ दर्शाया गया है। इसे देखने के लिए दूर-दराज़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं।पूजा समिति के सदस्य राजकुमार ने बताया कि पिछले 50 वर्षों से इस स्थान पर पूजा-अर्चना की जा रही है। हालांकि, समिति ने इस बार पहली बार माँ दुर्गा के नौ रूपों को मिलाकर एक ही प्रतिमा स्थापित की है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह की प्रतिमा पूरे बिहार में कहीं और स्थापित नहीं की गई होगी।आचार्य बीरू पुरोहित के अनुसार, सामान्यतः नवरात्र के दस दिनों में माँ दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस बार पूजा समिति ने पारंपरिक प्रथा से हटकर सभी नौ स्वरूपों को एक साथ एक ही प्रतिमा में प्रस्तुत किया है।श्रद्धालु इस अनोखी प्रतिमा को एक अद्भुत और दिव्य अनुभव मान रहे हैं और लगातार दर्शन के लिए पहुँच रहे हैं। इस विशेष स्थापना ने नवरात्र के उत्सव को और भी विशिष्ट बना दिया है।