Advertisement

ठहरा पंचायत में मनरेगा योजनाओं में गड़बड़ी की जांच शुरू, भाकपा-माले के आंदोलन के बाद प्रशासन हरकत में

-ठहरा पंचायत में मनरेगा योजनाओं में गड़बड़ी की जांच शुरू, भाकपा-माले के आंदोलन के बाद प्रशासन हरकत में

पूसा, 28 अगस्त 2025।
पूसा प्रखंड के ठहरा पंचायत में मनरेगा योजनाओं में कथित लूट-खसोट, भ्रष्टाचार और फर्जी निकासी की शिकायतों पर प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर, श्री दिलीप कुमार के निर्देश पर गठित जांच दल ने गुरुवार को विभिन्न योजना स्थलों का निरीक्षण किया।

जांच दल का नेतृत्व कर रहे अनुमंडल कार्यपालक दंडाधिकारी राज किशोर प्रसाद शर्मा ने योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया और कहा कि विस्तृत रिपोर्ट एसडीओ को सौंप दी जाएगी, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

भाकपा-माले की शिकायत पर हुई कार्रवाई:

यह जांच भाकपा-माले प्रखंड कमेटी द्वारा पूसा प्रखंड मुख्यालय पर चल रहे “घेरा डालो-डेरे डालो” अनिश्चितकालीन आंदोलन और दिए गए आवेदन के बाद शुरू की गई है।
भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने आरोप लगाया कि ठहरा पंचायत में मनरेगा के साथ-साथ 15वीं वित्त आयोग और छठे राज्य वित्त आयोग से प्राप्त राशि में बड़े पैमाने पर हेराफेरी हुई है।

“बिना बोर्ड लगाए ही पूर्ण हो गए काम”

अमित कुमार ने कहा कि कई योजनाओं में फर्जी फोटो अपलोड कर निकासी कर ली गई। “मनरेगा योजनाओं में नियम के अनुसार काम शुरू होने से पहले योजना का बोर्ड लगाना अनिवार्य है, लेकिन ठहरा पंचायत में बिना बोर्ड लगाए ही कार्य पूर्ण दिखा दिया गया। यह भ्रष्टाचार का खुला प्रमाण है,” उन्होंने कहा।

आंदोलन जारी रहने की चेतावनी:

भाकपा-माले नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और पारदर्शी जांच पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस दौरान भाकपा-माले जिला कमेटी सदस्य रौशन कुमार, प्रखंड कमेटी सदस्य रविंद्र सिंह और आरवाईए नेता राजीव कुमार भी मौजूद थे।