Advertisement

गायघाट में चौथी चांद पर्व का उल्लास, महिलाओं-बच्चों में दिखा उत्साह

-गायघाट में चौथी चांद पर्व का उल्लास, महिलाओं-बच्चों में दिखा उत्साह

मुजफ्फरपुर/गायघाट। दीपक कुमार तिवारी।

स्थानीय क्षेत्र में आज चौथी चांद पर्व पूरे उत्साह और परंपरागत आस्था के साथ मनाया गया। गांव-गांव और घर-घर में लोगों ने इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया। संध्या बेला में उगते चांद को अर्घदान देकर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की गई।

पर्व के अवसर पर महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाएं साज-सज्जा कर परंपरागत पूजा-अर्चना में शामिल हुईं, वहीं बच्चों ने खिलौनों और मिठाइयों के साथ त्योहार का आनंद लिया।

मिथिलांचल क्षेत्र में यह पर्व अत्यंत प्राचीन और पारंपरिक माना जाता है। लोक मान्यताओं के अनुसार चौथी चांद पर्व परिवार के कल्याण और संतान की दीर्घायु से जुड़ा हुआ है। इसी कारण हर वर्ष श्रद्धा और आस्था के साथ इसे मनाया जाता है।

मिथलेश देवी सहित कई व्रतियों ने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार इस पर्व में गोठुला तोड़ने की परंपरा है। उगते चांद को अर्घदान के बाद घर के पुरुष वर्ग पूजन स्थल पर उसी पत्तल पर बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसे वरद जुठाना भी कहा जाता है।