-मुजफ्फरपुर में प्रशांत किशोर का संवाद: नेताओं के मन में हारने का डर जरूरी, तभी बदलेगी बिहार की तस्वीर
मुजफ्फरपुर।दीपक तिवारी।
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शनिवार को शहर के रॉयल मेन्शन होटल में जिले के प्रबुद्ध लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार की हालत तब तक नहीं सुधरेगी जब तक नेताओं के मन में हारने का डर पैदा नहीं होगा।
प्रशांत किशोर ने कहा कि जनता ने पिछले 35 वर्षों से लालू प्रसाद और नीतीश कुमार को लगातार मौका दिया, लेकिन अब विकल्प के तौर पर जन सुराज खड़ा हो रहा है। उन्होंने अपील करते हुए कहा— “जन सुराज को 5 साल के लिए मौका दीजिए। अगर कुछ नहीं हुआ तो हमें बदल दीजिए।”

उन्होंने कहा कि समाज को गरीबी से निकालने के लिए तीन ही उपाय हैं— शिक्षा, रोजगार और जमीन। शिक्षा को सबसे अहम बताते हुए PK ने घोषणा की कि जन सुराज की सरकार बनने पर हर प्रखंड में नेतरहाट जैसे पांच स्कूल बनाए जाएंगे। पहले चरण में हर प्रखंड में एक-एक स्कूल पांच साल में तैयार होगा। तब तक 15 साल तक की उम्र के बच्चों की पढ़ाई का खर्च सरकार वहन करेगी और उन्हें प्राइवेट स्कूलों में मुफ्त शिक्षा मिलेगी।
युवाओं और किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि किसानों और महिलाओं को केवल 4 प्रतिशत की दर पर लोन मिलेगा, जिससे वे खेती और घर-परिवार की जरूरतें पूरी कर सकेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 50-60 वर्षों से बिहार की व्यवस्था बिगड़ती चली आ रही है। यह बदलाव एक दिन में संभव नहीं है, लेकिन यदि आज से मिलकर प्रयास किया जाए तो 10 वर्षों में बड़ा सुधार लाया जा सकता है। अंत में उन्होंने अपील की कि लोग अच्छे उम्मीदवार को ही वोट दें, चाहे वह किसी भी पार्टी का क्यों न हो। “अगर जन सुराज का उम्मीदवार भी अच्छा नहीं हो तो उसे वोट मत दीजिए।”












