-भच्छी पंचायत में पेयजल संकट गहराया
-समाजसेवी कालीचरण यादव ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
✍🏻 दरभंगा । संवाददाता ।
दरभंगा (बहेड़ी)।
भच्छी पंचायत के लोगों को लंबे समय से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर शनिवार को समाजसेवी कालीचरण यादव ने जिलाधिकारी एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने पंचायत में जल संकट की भयावह स्थिति की ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
श्री यादव ने बताया कि पंचायत में जलस्तर में लगातार गिरावट के कारण अधिकांश चापाकल सूख चुके हैं, जिससे नल-जल योजना की आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हुई है। कुछ घरों तक पाइपलाइन अब तक नहीं पहुंची है, और जहाँ पहुंची भी है, वहाँ या तो पानी आता नहीं या बहुत कम दबाव में आता है।

उन्होंने कहा, “लोगों को कई किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है। कुछ परिवार पानी खरीदने को मजबूर हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी डगमगा गई है। वहीं जिन चापाकलों में पानी आ रहा है, वहां भीड़ की वजह से सामाजिक दूरी बनाए रखना भी मुश्किल हो गया है।”
ज्ञापन में उन्होंने प्रशासन से निम्नलिखित चार प्रमुख मांगें कीं:
1. पंचायत के सभी वार्डों में नल-जल की आपूर्ति दुरुस्त की जाए।
2. जब तक जलापूर्ति सामान्य नहीं होती, पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाए।
3. खराब चापाकलों की मरम्मत और नए चापाकलों की स्थापना की जाए।
4. जल संकट के स्थायी समाधान के लिए समस्या के मूल कारणों की जांच कर कार्रवाई हो।
श्री यादव ने बताया कि संबंधित पदाधिकारियों ने मामले का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया है।
इस मौके पर रंजीत कुमार यादव, मनीष यादव समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे और समस्या के प्रति प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।












