-सांसद पप्पू यादव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, पूर्णिया में सैनिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग रखी
नई दिल्ली | 25 जून 2025।
जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने आज देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूर्णिया जिले में एक सैनिक स्कूल की स्थापना की मांग प्रमुखता से रखी। साथ ही उन्होंने अपनी स्वामित्व वाली भूमि पर केंद्रीय विद्यालय शुरू करने की भी अनुमति देने का आग्रह किया।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सीमावर्ती और पिछड़े इलाके पूर्णिया में सैनिक स्कूल की स्थापना युवाओं को सैन्य सेवा के लिए प्रेरित करेगी और राष्ट्र सेवा के द्वार खोलेगी। उन्होंने रक्षा मंत्री से यह भी निवेदन किया कि वे इस विषय में सकारात्मक पहल करते हुए जल्द प्रक्रिया शुरू करवाएं।

सांसद ने यह भी प्रस्ताव रखा कि उन्होंने स्वयं की भूमि केंद्रीय विद्यालय के लिए समर्पित करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विकास से ही समाज और राष्ट्र मजबूत बनता है, और पूर्णिया जैसे क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण केंद्रीय शिक्षा की सख्त जरूरत है।
राजनाथ सिंह ने सांसद की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वस्त किया कि मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस मुलाकात को लेकर सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर भी जानकारी साझा की और कहा कि वे अपने क्षेत्र के समग्र विकास और युवाओं को बेहतर अवसर दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।











