Advertisement

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया 1105 करोड़ की लागत से बने भूपतिपुर-पुनपुन एलिवेटेड/एटग्रेड सड़क मार्ग का लोकार्पण

-मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया 1105 करोड़ की लागत से बने भूपतिपुर-पुनपुन एलिवेटेड/एटग्रेड सड़क मार्ग का लोकार्पण

-राजधानी की यातायात व्यवस्था को मिलेगा बड़ा लाभ

पटना | 16 जून 2025 | विशेष संवाददाता

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज पटना जिले के भूपतिपुर में आयोजित समारोह में मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना के तहत 1105 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भूपतिपुर से पुनपुन (एनएच-22) तक के एलिवेटेड/एटग्रेड पथांश का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने शिलापट्ट का अनावरण और फीता काटकर इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को जनता को समर्पित किया।

इस परियोजना के अंतर्गत सिपारा से महुली तक एलिवेटेड सड़क मार्ग को भूपतिपुर के पास बनाए गए रैंप से जोड़ा गया है। अब इस नए मार्ग के जरिए लोग सिपारा से महुली की दूरी महज 5 से 6 मिनट में तय कर सकेंगे।

निरीक्षण और जनसंवाद:

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित मार्ग का भूपतिपुर से पुनपुन तक निरीक्षण किया और पुनपुन में स्थानीय लोगों से मिलकर उनके कुशलक्षेम की जानकारी ली। लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस क्षेत्र के विकास की दिशा में यह परियोजना एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने भी भावनात्मक संबंध जताते हुए कहा, “इस क्षेत्र से मेरा पुराना नाता है। प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है और आगे भी यहां के विकास के लिए सदैव प्रयास करता रहूंगा।”

यातायात व्यवस्था को मिलेगा लाभ:

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पथ के निर्माण से गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद और राजगीर जैसे जिलों तक पहुंचना अब और सुगम होगा। साथ ही राजधानी पटना को जाम मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में यह सड़क मार्ग बेहद उपयोगी सिद्ध होगा। दक्षिण पटना के लाखों लोगों को इस परियोजना से आवागमन में सुविधा और समय की बचत होगी।

शेष कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश:

मुख्यमंत्री ने लौटते समय सिपारा में रुककर अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि मीठापुर-महुली एलिवेटेड पथ का निर्माण सिपारा पुल के ऊपर से होते हुए मीठापुर फ्लाईओवर गोलंबर से जोड़ा जाएगा। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बचे हुए निर्माण कार्य को दो माह के भीतर पूर्ण किया जाए।

इन गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति:

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, सांसद रविशंकर प्रसाद, पूर्व सांसद रामकृपाल यादव, पूर्व मंत्री श्याम रजक, पूर्व विधायक सतीश कुमार और अरुण मांझी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, पटना प्रमंडल आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

#मुख्यमंत्री_नीतीश_कुमार #पटना_विकास #एलिवेटेड_सड़क #मीठापुर_महुली_पुनपुन #बिहार_समाचार #यातायात_सुधार #पथ_निर्माण #पटना_जाम_मुक्त