Advertisement

अहमदाबाद विमान हादसे में बिहार की बेटी मनीषा थापा की मौत, परिवार में मचा कोहराम

-अहमदाबाद विमान हादसे में बिहार की बेटी मनीषा थापा की मौत, परिवार में मचा कोहराम

पटना | 13 जून 2025 | विशेष संवाददाता ।

अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस भीषण दुर्घटना में 241 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बिहार की बेटी और एयर होस्टेस मनीषा थापा भी शामिल हैं।

पटना के फुलवारी शरीफ स्थित महुआ बाग की रहने वाली मनीषा थापा उस विमान में बतौर क्रू सदस्य सवार थीं। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। उनके पिता राजू थापा, जो कि बिहार पुलिस में पदस्थ हैं और फिलहाल बेगूसराय में तैनात हैं, जैसे ही बेटी की मौत की खबर मिली, परिजन तत्काल अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए।

नेपाल की मूल निवासी, पटना में रचा था भविष्य:

मूल रूप से नेपाल के विराटनगर की निवासी मनीषा का पूरा परिवार वर्षों से पटना में रह रहा था। उनकी मां लक्ष्मी थापा गृहिणी हैं, जबकि छोटा भाई अमित थापा पढ़ाई कर रहा है।

सपनों को पूरा करने निकली थी पर लौटना न हुआ:

मनीषा ने पटना के सेंट जेवियर्स कॉलेज, दीघा से पढ़ाई की थी। शुरू में इंडिगो एयरलाइंस से करियर की शुरुआत की, बाद में एयर इंडिया में बतौर केबिन क्रू चयनित हुईं। गुरुवार की फ्लाइट उनका आखिरी सफर साबित हुई।

“मनीषा की मुस्कुराहट अब यादों में”

मनीषा के पड़ोसी और मित्रों ने बताया कि वह बेहद मिलनसार, मेहनती और जिम्मेदार लड़की थीं। उनके सहपाठी सुभाष ने बताया, “वह न सिर्फ एक होनहार छात्रा थीं, बल्कि हमेशा मदद के लिए तैयार रहती थीं। उनकी मुस्कान सबके चेहरे पर मुस्कान ले आती थी।”

राज्य सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर:

दुर्घटना की भयावहता को देखते हुए बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

> टोल फ्री नंबर: 1070

अन्य हेल्पलाइन: 0612-2294204, 0612-2294205

यदि बिहार राज्य के किसी व्यक्ति के इस हादसे से प्रभावित होने की जानकारी हो, तो इन नंबरों पर संपर्क करने का आग्रह किया गया है।

घटना की पृष्ठभूमि:

गुरुवार को दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन जाने वाली एयर इंडिया फ्लाइट A1-171 टेकऑफ के दौरान मेघानी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान BJ मेडिकल कॉलेज परिसर के डॉक्टर आवासीय भवन से टकरा गया।

यह हादसा न केवल तकनीकी विफलता का सवाल खड़ा करता है, बल्कि कई परिवारों के सपनों को भी तोड़ गया — जिनमें मनीषा थापा का परिवार भी शामिल है।

#ManishaThapa #AirIndiaCrash #AhmedabadPlaneCrash #BiharNews #PatnaGirlLost #SaddeningLoss #DisasterRelief #ManishaInMemories #AirIndiaTragedy