Advertisement

मुख्यमंत्री ने बख्तियारपुर में गंगा की पुरानी धारा को पुनर्जीवित करने के कार्यों का लिया जायजा

-मुख्यमंत्री ने बख्तियारपुर में गंगा की पुरानी धारा को पुनर्जीवित करने के कार्यों का लिया जायजा

-अधिकारियों को दिए तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश

पटना, 9 जून 2025।ब्यूरो।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना जिला अंतर्गत बख्तियारपुर प्रखंड के लखनपुरा क्षेत्र में गंगा नदी की पुरानी धारा को पुनर्जीवित करने हेतु घनसुरपुर घाट से देदौर घाट तक चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को इसे शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व यह योजना पूरी हो सके।

इस योजना के तहत गंगा नदी की पुरानी एवं मृतप्राय धारा को कुल 4,420 मीटर की लंबाई में पुनर्जीवित किया जा रहा है। इसके लिए 3427.80 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के अंतर्गत घनसुरपुर, करौटा एवं हटिया गांवों के निकट चैनल में संभावित क्षरण को रोकने हेतु 1520 मीटर की लंबाई में जीयो बैग स्लोप पिचिंग कर सुरक्षात्मक कार्य किया जा रहा है। साथ ही, अगले तीन वर्षों तक चैनल के रखरखाव की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने इसके पश्चात बख्तियारपुर स्थित सीढ़ी घाट पर भी चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल ने उन्हें गंगा चैनल के दाएं तट पर किए जा रहे पक्के सुरक्षात्मक एवं कटाव निरोधक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

इस योजना के अंतर्गत 330 मीटर लंबी सीढ़ी का निर्माण, 2100 मीटर की लंबाई में कटाव निरोधक कार्य, साथ ही पाथ-वे, शौचालय, चेंजिंग रूम, लैंडस्केपिंग एवं प्रकाश व्यवस्था का निर्माण कराया जा रहा है। इस योजना के लिए 5606 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है और जून 2025 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री ने सीढ़ी घाट स्थित श्री राधे कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व सांसद पंडित शीलभद्र याजी एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. बालकेश्वरी याजी की समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक श्री अवकाश कुमार तथा श्री सत्यानंद याजी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी उपस्थित रहे।