Advertisement

कांटी में अतिक्रमण हटाने गए अधिकारियों पर हमला, कई उपद्रवी गिरफ्तार

-कांटी में अतिक्रमण हटाने गए अधिकारियों पर हमला, कई उपद्रवी गिरफ्तार

कांटी, मुजफ्फरपुर।
हरपुर लाहौरी में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने गए प्रशासनिक अधिकारियों पर अतिक्रमणकारियों और उपद्रवियों ने अचानक हमला कर दिया। यह कार्रवाई एसडीओ पश्चिमी श्रेया श्री के निर्देश पर की जा रही थी, जिसकी अगुवाई प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट व कांटी सीओ ऋषिका और आरओ बसंत कुमार राय कर रहे थे।

सूत्रों के अनुसार, अतिक्रमणकारियों ने प्रशासनिक दल पर ईंट, पत्थर और मिर्च पाउडर से हमला किया, जिससे विधि-व्यवस्था पूरी तरह भंग हो गई। स्थिति बिगड़ते ही वरीय अधिकारियों को सूचित किया गया और तत्पश्चात क्यूआरटी व भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा गया। जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को तोड़ा गया। इस दौरान मजिस्ट्रेट सीओ ऋषिका और आरओ बसंत कुमार राय स्वयं मौजूद रहे।

सीओ ऋषिका ने जानकारी दी कि अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित अतिक्रमणकारियों को वैकल्पिक स्थान के लिए बासिगत पर्चा भी दिया गया था, परंतु उन्होंने आदेशों की अवहेलना करते हुए कानून अपने हाथ में लिया।

कड़ी कार्रवाई के संकेत
सीओ ऋषिका ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी यदि कोई असामाजिक तत्व कानून तोड़ने की कोशिश करेगा तो प्रशासन उससे सख्ती से निपटेगा।”

इस घटना के संबंध में आरओ बसंत कुमार राय के बयान पर विनोद सहनी, किशन कुमार, प्रमोद सहनी, काजल देवी और चिंता देवी समेत अन्य के खिलाफ अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कई गिरफ्तार, भेजे गए जेल
एसआई सत्येंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में कई उपद्रवियों को हिरासत में लेकर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे और गिरफ्तारियाँ भी हो सकती हैं।