Advertisement

सुगौली में सोयाबीन तेल से भरा टैंकर पलटा

-सुगौली में सोयाबीन तेल से भरा टैंकर पलटा

-घायल चालक को छोड़ तेल लूटने में जुटे लोग

पूर्वी चंपारण।
सुगौली थाना क्षेत्र अंतर्गत छपवा-रक्सौल मुख्य मार्ग पर स्थित बंगरा गांव के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब सोयाबीन तेल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। टैंकर कोलकाता से कच्चा सोयाबीन तेल लेकर नेपाल के बीरगंज जा रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में चालक मोहम्मद शाजिद खान ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से तेल का रिसाव शुरू हो गया और चालक को हल्की चोटें भी आईं।

हालांकि, घटनास्थल पर मानवीय संवेदना के बजाय लूट का दृश्य देखने को मिला। आसपास के ग्रामीण अपने-अपने घरों से बाल्टी, डिब्बा, गैलन और बोतलें लेकर दौड़ पड़े और खुलेआम तेल लूटने लगे। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सुगौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तेल लूटने में जुटे लोगों को खदेड़ कर भगाया। पुलिस ने हालात पर काबू पाया और अब मामले की जांच कर रही है।

इस हादसे में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना के बाद सड़क पर भारी अफरातफरी और अराजकता का माहौल बन गया।

#सुगौलीहादसा #टैंकरपलटा #तेललूट #पूर्वीचंपारण #सड़कदुर्घटना #पुलिसकार्रवाई