-शादी से पहले दूल्हा फरार, दुल्हन की आत्महत्या की कोशिश
-दहेज लौटाने के बाद मचा हंगामा शांत
-धर्मशाला चौक स्थित संतोषी माता मंदिर में हुई घटना
-थाने तक पहुंचा मामला
मुजफ्फरपुर।संवाददाता।
जिले के धर्मशाला चौक स्थित संतोषी माता मंदिर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शादी से ठीक पहले दूल्हा फरार हो गया। वजह बनी दुल्हन का रंग—दूल्हे ने लड़की को “काली” बताकर शादी से इनकार कर दिया। इससे आहत होकर दुल्हन ने आत्महत्या की कोशिश की, जबकि लड़की के परिजनों ने दूल्हे पक्ष के रिश्तेदारों को बंधक बना लिया।
दूल्हा देखकर भागा, मंदिर में मचा कोहराम:
जानकारी के अनुसार, दूल्हा पूर्वी चंपारण के ढाका थाना क्षेत्र का निवासी है और दिल्ली में बहनोई के साथ स्टॉल लगाता है। उसकी शादी पटना के अगमकुआं इलाके की लड़की से तय हुई थी। शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और दोनों पक्ष मुजफ्फरपुर के संतोषी माता मंदिर में मौजूद थे।
इसी दौरान दूल्हे ने दुल्हन को देखकर शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि उसने लड़की को “काली” बताया और वहां से चुपचाप निकल भागा। यह देखकर दुल्हन बेहोश हो गई और कुछ ही देर में छत से कूदकर जान देने की कोशिश की, जिसे समय रहते बचा लिया गया।
लड़की पक्ष ने रिश्तेदारों को बनाया बंधक:
घटना से नाराज लड़की वालों ने लड़के की मामी और अन्य कुछ रिश्तेदारों को मंदिर परिसर में ही बंधक बना लिया और बाद में सभी को लेकर थाने पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई।

अगुवा पर ठीकरा, छह महीने से चल रही थी बात:
पूछताछ में दोनों पक्षों ने अगुवा को जिम्मेदार ठहराया। अगुवा ने बताया कि छह महीने पहले रिश्ता तय हुआ था, लेकिन लड़के ने केवल लड़की की तस्वीर देखी थी। लड़की वालों का कहना है कि शादी तय होने पर कैश, कपड़े और बर्तन समेत दहेज भी दिया गया था।
दहेज वापस मिलने पर मामला शांत:
लड़की के परिजन इस बात पर अड़े थे कि शादी उसी लड़के से होगी। उन्होंने जब तक दहेज में दिया गया सामान वापस नहीं मिला, तब तक रिश्तेदारों को थाने से नहीं जाने दिया। आखिरकार, कैश, कपड़े और बर्तन वापस मिलने के बाद लड़की पक्ष का गुस्सा थोड़ा शांत हुआ।
पुलिस कर रही है जांच:
थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि मामला संवेदनशील है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लड़की की पहचान को लेकर भ्रम था, जिसके कारण लड़के ने शादी से इनकार किया।













