-आदर्श ग्राम पंचायत कुबौलीराम में जर्जर बिजली व्यवस्था
-उपभोक्ता और मुखिया परेशान
समस्तीपुर/पूसा: समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के पूसा प्रखंड अंतर्गत आदर्श ग्राम पंचायत राज कुबौलीराम की जनता बिजली की बदहाल स्थिति से त्रस्त है। वार्ड 04 के उपभोक्ता लंबे समय से जर्जर तारों और लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतें अनसुनी रह गई हैं।
बिजली विभाग को वर्षों से आवेदन दिए जाने के बावजूद, न तो पुराने और जर्जर तार बदले गए हैं और न ही ट्रांसफार्मर की स्थिति सुधारी गई है। पंचायत मुखिया रामबाबू सिंह ने भी 22 दिसंबर 2024 को विद्युत अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर समस्या के समाधान की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

मुखिया रामबाबू सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके 25 वर्षों के राजनीतिक अनुभव में उन्होंने कभी इतनी लापरवाही नहीं देखी। सरकारी विभागों की उदासीनता से जनता त्रस्त है, और बिजली विभाग इस लापरवाही में सबसे आगे है।
वहीं, बिजली विभाग के अभियंता का कहना है कि कार्य एजेंसी को सौंप दिया गया है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। अब देखना यह है कि जनता को कब तक इस समस्या से राहत मिलती है।
बिजली_संक्रमण #जर्जर_व्यवस्था #जनता_परेशान #कुबौलीराम #समस्तीपुर #बिजली_विभाग











