-बीपीएससी घोटाले और गरीबों के अधिकारों के मुद्दे पर भाकपा-माले का हल्ला बोल
-मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने की चेतावनी
मुज़फ्फरपुर। भाकपा-माले और आरवाईए ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। भाकपा-माले नगर सचिव सूरज कुमार, आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष आफताब आलम, इंसाफ मंच के जिलाध्यक्ष फहद जमां और एजाज अहमद ने सयुंक्त बयान जारी कर कहा कि बीपीएससी परीक्षा में धांधली और भूमिहीन गरीबों के साथ अन्याय को लेकर मुख्यमंत्री के मुज़फ्फरपुर आगमन पर उन्हें काला झंडा दिखाया जाएगा।
आरवाईए अध्यक्ष आफताब आलम ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने भ्रष्टाचार और बीपीएससी परीक्षा में हुई गड़बड़ियों पर पर्दा डालने का प्रयास किया है। उन्होंने सरकार को युवा-विरोधी करार देते हुए कहा कि बिहार की जनता अब इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

इंसाफ मंच के जिलाध्यक्ष फहद जमां ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलनों पर दमनकारी रवैया लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि गरीबों और भूमिहीनों से जुड़ी घोषणाओं को लागू करने में सरकार पूरी तरह असफल रही है।
भाकपा-माले नगर सचिव सूरज कुमार ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वासभूमि और सहायता राशि से जुड़े वादे केवल दिखावा साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनता का आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उनके अधिकार नहीं मिलते।
भाकपा (माले) ने साफ किया है कि जनता के मुद्दों पर आवाज उठाने और तानाशाही के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। अगर सरकार ने अपनी नीतियों में बदलाव नहीं किया, तो जनता लोकतांत्रिक माध्यमों से अपना जवाब देगी।
#BPSC_घोटाला #गरीबों_का_हक #मुख्यमंत्री_विरोध #भाकपा_माले #युवा_आंदोलन #नीतीश_सरकार











