Advertisement

प्रखंड कृषि कार्यालय पूसा का घेराव, रोषपूर्ण प्रदर्शन

*#किसानों की विभिन्न मांगो व समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय किसान महासभा ने प्रखंड कृषि कार्यालय, पूसा का घेराव करके किया रोषपूर्ण प्रदर्शन

*#उर्वरक विक्रेताओं के द्वारा चोरी-छिपे अधिक पैसा लेकर उर्वरक की कालाबाजारी की जाती है :- ललन कुमार

*#किसानों के लिए सही समय व निर्धारित मूल्य पर उर्वरक की उपलब्धता की गारंटी हो :- अमित कुमार

पूसा।सम्वाददाता।

खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक पोटाश, डीएपी आदि की उपलब्धता के अलावा सरकार द्वारा तय कीमत से अधिक दाम पर खाद बेचने वाले उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने, उर्वरक विक्रेता के बोर्ड पर निर्धारित मूल्य व स्टॅाक का जिक्र होना अनिवार्य करने, केसीसी लोन माफ करने, नई फसल लगाने के लिए निःशुल्क खाद, बीज व कृषि यंत्र की व्यवस्था करने,सभी इच्छुक पशुपालक किसानों को पशु शेड का लाभ देने, खादी ग्रामोद्योग समिति के मंत्री को बर्खास्त करने, चंदौली पंचायत के वार्ड संख्या 01 में करीब तीन वर्ष से अधर में लटकी नल जल योजना का कार्य चालू कराने,प्रखंड के पंचायतों के किसान सलाहकारों द्वारा फसल बीमा सहित किसी अन्य किसान संबंधित योजनाओं की जानकारी किसानों को निरंतर देने समेत अन्य किसानों की मांगो को लेकर
अखिल भारतीय किसान महासभा प्रखंड कमिटी के बैनर तले किसानों ने प्रखंड कृषि कार्यालय, पूसा का घेराव करके रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बीएओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष रविन्द्र सिंह व संचालन दिनेश राय ने किया। इसमें बतौर मुख्य वक्ता किसान महासभा के जिला सचिव ललन कुमार, भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि खाद की आसमान छूती कीमत से किसान परेशान हैं। उन्हें कृषि कार्य के लिए उर्वरक पोटाश, डीएपी आदि समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जबकि क्षेत्र में उर्वरक विक्रेताओं के द्वारा चोरी-छिपे अधिक पैसा लेकर उर्वरक की कालाबाजारी की जाती है। किसानों के लिए सही समय व निर्धारित मूल्य पर उर्वरक की उपलब्धता की गारंटी होनी चाहिए।

किसान महासभा के जिला सचिव ललन कुमार ने कहा कि किसान परेशान है। कभी प्राकृतिक कहर तो कभी बाढ़ तूफान- बारिश से खेत में लगे फसल नष्ट हो जाते है। दिन प्रतिदिन किसान बदहाली की ओर अग्रसर हो रहे है। सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक नहीं पहुंचता है।
मौके पर खेग्रामस प्रखंड सचिव सुरेश कुमार, अखिलेश सिंह, जितेन्द्र राय, भूपन तिवारी, रंजीत कुमार, लालबाबू तिवारी, अजय गुप्ता, मनोज गुप्ता, अरूण सिंह, पूनम देवी, अनिता देवी, गुड़िया देवी, नरेश कुमार दास आदि मौजूद थे।