चंपारण की खबर::
-बीपीएससी की 69वीं संयुक्त प्रतियोगिता और सिपाही भर्ती की परीक्षा को लेकर प्रशासन तैयार
मोतिहारी/ राजन द्विवेदी ।
जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के संयुक्त अध्यक्षता में मोतिहारी ऑडिटोरियम में बिहार लोक सेवा आयोग पटना द्वारा आयोजित 69 वीं संयुक्त ( प्रारंभिक ) प्रतियोगिता परीक्षा एवं केंद्रीय चयन पर्षद ( सिपाही भर्ती) के अंतर्गत बिहार पुलिस संगठन में “सिपाही” के पद पर नियुक्ति के लिए होने वाली लिखित परीक्षा के सफल संचालन तथा परीक्षा केंद्रों पर विधि व्यवस्था को लेकर ब्रीफिंग किया । इस अवसर पर संबंधित पदाधिकारियों, सभी केंद्राधीक्षकों, सभी वीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारी गण मौजूद रहे।
बता दें कि बिहार लोक सेवा आयोग पटना द्वारा 69 वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा दिनांक 30 सितंबर को पूर्वी चंपारण जिलान्तर्गत 12 बजे मध्याह्न से 02:00 बजे अपराह्न तक 25 परीक्षा केंद्रों पर कुल 14652 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा बिहार पुलिस संगठन में सिपाही के पद पर नियुक्ति हेतु लिखित परीक्षा आगामी 1 अक्टूबर को 17 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से मध्यान्ह 12:00 बजे तक होगी । जिसमें 11395 परीक्षार्थी तो द्वितीय पाली में 11395 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बताया कि दिव्यांग अभ्यार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध की गई हैं। स्टैटिक दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति में परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व परीक्षार्थियों की सघन फ्रिस्किंग के साथ प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की ई-एडमिट पर छपे क्यूआर , बार कोड की स्कैनिंग करते हुए फोटो एवं पहचान पत्र के साथ मिलान कर परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी । परीक्षा प्रारंभ होने के 1 घंटे पहले परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। इसके बाद परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।










