Advertisement

अब 6 राज्यों में भाजपा का होगा बुरा हाल, विपक्षी दलों की बैठक के पहले तेजस्वी का बड़ा दावा

-नीतीश ने चली ऐसी चाल कि अब 6 राज्यों में भाजपा का होगा बुरा हाल, विपक्षी दलों की बैठक के पहले तेजस्वी का बड़ा दावा

पटना।सम्वाददाता।

भाजपा के नेताओं को अभी से वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर डर लग रहा है. अब 23 जून को पटना में विपक्ष की होनी वाली बैठक से भाजपा और ज्यादा डर गई है. भाजपा पर यह कटाक्ष गुरुवार को बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने किया. उन्होंने कहा कि 23 जून की होनी वाली बैठक बेहद महत्वपूर्ण है. वर्ष 2024 के पहले विपक्ष के एकजुट होने का यह बड़ा संदेश है. एक साथ 15 राजनीतिक दल आ रहे हैं जो स्पष्ट संकेत है कि भाजपा को इससे डर लग रहा है।
तेजस्वी ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस बैठक में न केवल 15 राजनीतिक दल हिस्सा ले रहे हैं बल्कि इसमें तमाम दलों के शीर्ष नेतृत्व वाले नेता शामिल होंगे. कांग्रेस से खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी रहेंगे तो अन्य दलों से भी उनके शीर्ष नेता रहेंगे. यानी विपक्षी दलों की इस बैठक में दलों की ओर से प्रतिनिधि नहीं बल्कि खुद शीर्ष नेतृत्वकर्त्ता शामिल हो रहे हैं. यह दिखाता है कि तमाम विपक्षी दल एक बैठक को लेकर बेहद उत्साहित हैं।


तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर की विपक्षी बैठक से दूरी के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि फ़िलहाल उनसे बात नहीं हो पाई है. वही तेजस्वी ने दावा किया कि जैसे कर्नाटक में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है वैसे ही अगले विधासभा चुनावों में भाजपा की हार होगी. उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश, छतीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और झारखंड के चुनाव परिणाम भी कर्नाटक के जैसे होंगे. इन राज्यों में भाजपा को हार मिलनी तय है।
दरअसल, भाजपा के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने की पहल के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले महीनों में देश के कई नेताओं से मुलाकात की. बाद में 12 जून को पटना में विपक्षी दलों की बैठक होने की बात कही गई. हालांकि अब बैठक की नई तारीख 23 जून तय की गई है. नीतीश कुमार के साथ इस पहल को आगे बढ़ाने में तेजस्वी यादव भी अहम भूमिका निभा रहे है. इसी को लेकर अब तेजस्वी ने दावा किया है कि भाजपा डरी हुई है और आने वाले चुनावों में उसकी हार होनी तय है।