चंपारण की खबर::
-चकिया आईसीआईसीआई बैंक लूट कांड का पुलिस ने किया पटाक्षेप, लाईनर समेत चार अपराधी गिरफ्तार
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिला के चकिया स्थित आईसीआईसीआई बैंक में हुए 48 लाख रुपया लूटकांड में पुलिस को सफलता मिली है।पुलिस ने लाइनर समेत चार अपराधियों को लूट के दो लाख रुपया, एक पिस्तौल,चार जिंदा कारतूस,एक किलो 500 ग्राम मादक पदार्थ और लूटे टैब के साथ गिरफ्तार किया है।
बैंक लूटकांड का खुलासा करते हुए एसपी कान्तेश कुमार मिश्रा ने बताया कि चकिया में आईसीआईसीआई बैंक में हुए लूटकांड का सफल उद्भेदन हुआ है। इस घटना में शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना में कुल दस अपराधी शामिल थे। गिरफ्तार अपराधियों में लाइनर भी शामिल है। अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना में मुजफ्फरपुर और इस जिला के अपराधी शामिल थे। पूछताछ में अपराधियों ने बैंक लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।गिरफ्तार अपराधियों में मुजफ्फरपुर के अहियापुर का रहने वाला रंजीत कुमार कुशवाहा, पूर्वी चंपारण के चकिया का रहने वाला अंकुश कुमार और कन्हैया कुमार समेत मधुबन का प्रदीप कुशवाहा उर्फ प्रभात कुमार शामिल है। गिरफ्तार रंजीत कुमार कुशवाहा का अपराधिक इतिहास है और उसपर विभिन्न थानों में तीन मामले दर्ज हैं।

बता दें कि चकिया थाना क्षेत्र के बजरंगी नगर में 12 अप्रैल को दिन दहाड़े पांच अपराधियों ने हथियार के बल पर आईसीआईसीआई बैंक में लूटपाट मचाई थी। अपराधियों ने बैंक से लगभग 48 लाख रुपया लूट लिया था। घटना के बाद एसपी कान्तेश कुमार मिश्रा ने अरेराज डीएसपी रंजन कुमार के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन कर लूटकांड के उद्भेदन का जिम्मा सौंपा। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पहले प्रदीप कुशवाहा को गिरफ्तार किया। जिसके निशानदेही पर अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है।
















