-खेलों इंडिया साइक्लिंग लीग मैच की गोल्ड मेडलिस्ट का डीएम ने बढ़ाया हौसला
– डीएम ने दोनों गोल्ड मेडल को देखा, गोल्ड मेडलिस्ट से ली खेल की पूरी जानकारी
राजन दत्त /मोतिहारी।
झारखंड के गिरिडीह में पिछलें दिनों (25-26 फरवरी) झारखंड साइक्लिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित हुए खेलों इंडिया महिला रोड साइक्लिंग लीग मैच में दो गोल्ड मेडल जीतने वाली मोतिहारी की बेबी कुमारी ने जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक से कल शाम मुलाक़ात की। इस दौरान लीग मैच में बिहार के तरफ से खेलने वाली 12 सदस्यीय खिलाड़ियों में तीन अन्य खिलाड़ी अप्पी कुमारी, सृष्टि वन और सृष्टि टू भी मौजूद थीं।

जिलाधिकारी ने सीनियर वर्ग में दो अलग-अलग इवेंट में दो गोल्ड जीतने पर शहर के मठिया डीह निवासी बद्री साह की प्रतिभाशाली बेटी बेबी को बधाई दी और दोनों मेडल को देखा। साथ ही जिलाधिकारी ने गोल्ड मेडलिस्ट से खेल की पूरी जानकारियां भी ली। मौके पर उपस्थित पूर्वी चंपारण जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सिद्धार्थ वर्मा ने जिलाधिकारी को बताया कि खेलों इंडिया के लीग मैच में जिले से चार बालिका बिहार टीम में शामिल हुई थीं। बेबी के अलावा अन्य तीनों खिलाड़ियों ने सब जूनियर वर्ग में बेहतर साइक्लिंग की। साथ ही जिलाधिकारी ने सचिव से संसाधनों के अलावा साइक्लिंग खेल की गतिविधियों की भी जानकारी ली। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी गौरव कुमार मौजूद थे।















