Advertisement

Breaking: बन्दरा में अब सोख्ता निर्माण में खानापूर्ति करने का मामला,हत्था में उठी कार्यवाई की मांग

– सोख्ता निर्माण में खानापूर्ति करने का मामला,कार्यवाई की मांग

मुजफ्फरपुर(बिहार)। दीपक कुमार तिवारी।

मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में अब सोख्ता निर्माण में खानापूर्ति का मामला सामने आने लगा है। ताजा मामला हत्था पंचायत से सामने आया है,जहां आरजेडी से जुड़े हुए कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस मामले में ऐतराज जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। लोगों का बताना है कि पंचायत में बड़े पैमाने पर सोख्ता निर्माण कराया गया, लेकिन एस्टीमेट के अनुसार सोख्ता का निर्माण नहीं कराया गया। कहीं दरवाजे पर सोख्ता निर्माण करवाया गया है तो कहीं आंगन में। जबकि जलजमाव वाले इलाकों में सोख्ता का निर्माण कराया जाना था, ताकि जल निकासी में मदद मिल सके। वहीं जहां सोख्ता का निर्माण कराया गया है, वहां कहीं गहराई कम की गई है तो कहीं निर्माण सामग्री की खानापूर्ति की गई है। कहीं उसकी गुणवत्ता ठीक नहीं है तो कहीं सोख्ता बनवा दिए गए हैं,लेकिन उसमें अब तक ढक्कन नहीं लगाए गए हैं।जिसकी वजह से खेलने आदि के क्रम में छोटे बच्चों या सड़कों से चलने के दौरान राहगीरों आदि के गड्ढे में गिरने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

हत्था में मनोज राज यादव, संतोष यादव,विकास यादव, विवेक यादव एवं अन्य लोगों का आरोप है कि 1 सोख्ता पर 30 से 35हज़ार की राशि खर्च की जाती है और पूरे पंचायत में औसतन करीबन 40 से 50 सोख्ता बनाए गए हैं,लेकिन इसकी उपयोगिता अब तक समझ में नहीं आ रही है। इस मामले में संबंधित पदाधिकारियों के द्वारा न जांच की गई है और ना ही कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस संदर्भ में हत्था मुखिया रिंकू कुमारी के पति संजीत गुप्ता का दावा है कि जरूरी के अनुसार चिन्हित स्थलों पर सोख्ता बनाये गए हैं।जहां ढक्कन नहीं लगे हैं,वहां जल्द लगवाए जाएंगे।