-बीडीओ का विद्युत पोल पर फॉल्ट ठीक कराते तस्वीर हो रहा वायरल,लोगों ने कहा-वाकई यह कार्य है प्रेरणादायक
मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार का एक फोटो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार एक सामान्य नागरिक की तरह सर में मुरेठा(गमछा) बांधकर और सामान्य वेशभूषा में एक छत पर चढ़कर और विद्युत पोल पर आई फॉल्ट को ठीक करवा रहे हैं। उनके साथ बिजली मिस्त्री विद्युत पोल पर आए फॉल्ट को ठीक कर रहा है,और वे भी सीढ़ी के नीचे छत पर खड़े हैं। यह तस्वीर किसी ने सोशल मीडिया पर टैग कर दी और देखते ही देखते यह वायरल हो गया। इस संबंध में पूछने पर बीडीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि बंदरा में एक पोल एक विद्युत पोल में फॉल्ट आ गया था। इसे ठीक करने के लिए उन्होंने मिस्त्री को बुलाया है। उसमें उन्हें सहयोग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि हमें हर किसी को बिना किसी भेदभाव के सहयोग की भावना रखनी चाहिए। बहुत ऐसे काम हैं जो आदमी के एगो(अहम) के कारण खराब हो जाते हैं या नहीं हो पाते हैं। लोगों को अहम भाव को छोड़कर रहम एवं समभाव को अपनाना चाहिए और एक दूसरे का सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि वे कार्यालय अवधि में एक पदाधिकारी हैं, जबकि बाकी समय में एक सामान्य नागरिक हैं। और दोनों ही स्थिति में अलग-अलग जिम्मेवारी है। सामान्य नागरिक के तौर पर एक-दूसरे के कामों में सहयोग तो किया ही जा सकता है न। बहरहाल बीडीओ की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। बन्दरा प्रखंड के कई शिक्षकों एवं प्रखंड कर्मियों ने भी इसकी जमकर सराहना की है।लोगों ने प्रतिक्रिया दी है कि वाकई यह सबों के लिए प्रेरणास्रोत है। ज्ञात हो कि इससे पहले कचरा प्रबंधन अभियान की शुरुआत की मौकों पर विभिन्न पंचायतों में जन जागरूकता रैली के दौरान बीडीओ प्रशांत कुमार के द्वारा खुद पैदल-पांव चलकर प्रायः वार्ड क्षेत्रों में पहुंचना तथा खुद माइकिंग कर लोगों से संवाद कायम करने के तरीकों ने भी इलाके में खूब सुर्खियां बटोरी और इसकी सराहना एवं चर्चा लोगों में हुई है। लिहाजा जनहित एवं सार्वजनिक हित के कामों में बीडीओ के कार्य अंदाज लोगों में अक्सर चर्चा कायम करती रहती है।












