-केवट्सा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पंचायत योजना से चहारदीवारी निर्माण कार्य में अनियमितता एवं लूट-खसोट,उपमुखिया के नेतृत्व में वार्ड सदस्यों ने की शिकायत
बंदरा। दीपक।
प्रखंड के मुन्नी-बैंगरी पंचायत के केवट्सा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पंचायत योजना से चहारदीवारी निर्माण कार्य में अनियमितता एवं लूट-खसोट करने से संबंधित शिकायत पंचायत के वार्ड सदस्यों ने की है। डीएम,डीडीसी एवं बीडीओ को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय केवट्सा में चहारदीवारी का निर्माण कार्य पंचायत के द्वारा कराया जा रहा है। जिसमें कार्य योजना का उल्लंघन करते हुए तीन नंबर का ईंट उपयोग किया जा रहा है एवं सीमेंट भी उचित मात्रा में नहीं दिया जा रहा है। यदि यह काम मजबूती से नहीं कराया गया तो भविष्य में इस विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं के ऊपर दीवार गिरने से जान का खतरा भी हो सकता है। इस योजना में सरकारी राशि का दुरुपयोग करने का प्लान बनाया गया है और इस योजना से संबंधित कोई प्राक्कलन बोर्ड भी नहीं लगाया गया है।

इस योजना के बारे में जब पंचायत सचिव से पूछा गया तो सचिव अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उल्टे धमकाया गया। आवेदन में कार्य की जांच कर सही कार्य कराने तथा सरकारी राशि का दुरुपयोग रोकने की मांग की गई है। आवेदन पर उपमुखिया शिवनाथ कुमार सहनी, वार्ड सदस्य रंजीत सहनी, गिरजा देवी, मिथिलेश देवी, सीमा देवी, सकल कुमार पासवान, सुशीला देवी, मोहम्मद वाजिब, जितेंद्र साहनी के भी हस्ताक्षर शामिल है। इस संबंध में पंचायत के मुखिया दीपक कुमार चौधरी ने बताया कि पंचायत के ग्रामीण राजनीति के कारण विकास कामों में बाधा डालने के लिए जानबूझकर मनगढ़ंत आरोप लगाए गए हैं तथा योजना राशि में से जबरन कमीशन देने का दबाब बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एस्टीमेट के अनुसार सही एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य कराए जा रहे हैं। वे किसी भी जांच को तैयार हैं।












