Advertisement

98-साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक ने अभ्यर्थियों संग की बैठक,

-98-साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक ने अभ्यर्थियों संग की बैठक,
————————
मुजफ्फरपुर।दीपक।

साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक श्री आशीष मोदी ने मंगलवार को समाहरणालय में सभी अभ्यर्थियों /उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई और सभी को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आयोग की मार्गदर्शिका के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया।

स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए अवगत कराया गया कि सभी अभ्यर्थी आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन करें। उन्होंने अभ्यर्थियों को व्यय लेखा संधारण के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सभी उम्मीदवार अपने चुनावी व्यय का सही-सही और समय पर लेखा-जोखा प्रस्तुत करें। साथ ही, निर्वाचन से संबंधित अनुमतियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के प्रभावी उपयोग पर बल दिया।

मतदाता पर्चियों का वितरण केवल बीएलओ (BLO) के माध्यम से ही किया जाएगा, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे। उन्होंने उम्मीदवारों को यह भी अवगत कराया कि यदि किसी अभ्यर्थी का कोई आपराधिक इतिहास है, तो उसे अपने विरुद्ध दर्ज मामलों, विचाराधीन कांडों और सजा से संबंधित विवरण को तीन बार प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में निर्धारित प्रारूप में प्रकाशित और प्रसारित करना अनिवार्य होगा।

बैठक में उपस्थित अभ्यर्थियों और उनके प्रतिनिधियों से यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि वे निर्वाचन आयोग के सभी प्रावधानों और निर्देशों का पालन करते हुए लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप कार्य करें। निर्वाची पदाधिकारी ने दोहराया कि आयोग की सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी हैं और किसी प्रकार की अनियमितता या उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर साहेबगंज विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री शालिग्राम साह भी उपस्थित थे। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी है।