-52 साल बाद मुजफ्फरपुर को मिली पहली महिला डीटीओ, प्रियंका सिन्हा ने संभाला पदभार
मुजफ्फरपुर। जिले को 52 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पहली बार महिला जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मिली हैं। प्रियंका सिन्हा ने जिले की 38वीं जिला परिवहन पदाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उनकी नियुक्ति को जिले के प्रशासनिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
जिला परिवहन कार्यालय के अभिलेखों के अनुसार, वर्ष 1973 में आरएन झा मुजफ्फरपुर के पहले डीटीओ बने थे। इसके बाद से अब तक इस पद पर केवल पुरुष अधिकारियों की ही नियुक्ति होती रही। करीब 52 वर्षों बाद पहली बार किसी महिला अधिकारी ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभाला है।

प्रियंका सिन्हा इससे पहले गोपालगंज जिले के हथुआ में अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थीं। वह मूल रूप से नालंदा जिले की निवासी हैं और प्रशासनिक सेवा में अपने कार्यों के लिए जानी जाती हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद प्रियंका सिन्हा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता वाहन मालिकों और आम नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना होगी। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएंगे तथा कार्यालय में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मुजफ्फरपुर में पहली महिला डीटीओ की नियुक्ति को प्रशासनिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में परिवहन विभाग की सेवाएं और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनेंगी।












