Advertisement

50 से अधिक मकानों की चहारदीवारी ढहाने का मामला, 22 प्राथमिकी दर्ज

-50 से अधिक मकानों की चहारदीवारी ढहाने का मामला, 22 प्राथमिकी दर्ज

-3 में विधायक और भाई नामजद

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां उदन इलाके में 50 से अधिक निर्माणाधीन मकानों की चहारदीवारी जेसीबी से जबरन ढहाए जाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। सोमवार देर रात तक थाने में कुल 22 पीड़ितों ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है। इनमें से तीन मामलों में बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू और उनके भाई सोनू सिंह को जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप में नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

मामले में आरोपित विधायक के भाई सोनू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के भिखनपुरा में छापेमारी की। हालांकि, छापेमारी के दौरान वह मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पीड़ितों का आरोप है कि झपहां उदन इलाके में निर्माणाधीन मकानों और उनकी चहारदीवारियों को जेसीबी की मदद से जबरन ढहा दिया गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में प्रभावित लोगों ने अहियापुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब दर्ज प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच के साथ जमीन से जुड़े दस्तावेजों और मौके पर हुई कार्रवाई की भी पड़ताल कर रही है। साथ ही जेसीबी से चहारदीवारी ढहाने में शामिल लोगों और अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।

मामले में विधायक और उनके भाई का नाम सामने आने के बाद पुलिस कार्रवाई पर सबकी नजर है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।