-5 अक्टूबर को वारिसनगर में भाकपा-माले का कार्यकर्ता सम्मेलन, महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य करेंगे संबोधित
समस्तीपुर, 3 अक्टूबर।
भाकपा-माले का वारिसनगर विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आगामी 5 अक्टूबर को वारिसनगर के हांसा बांस चौक स्थित हॉल (गोडाउन) में आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन सुबह 11 बजे से शुरू होगा। सम्मेलन को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड दीपांकर भट्टाचार्य मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर माले के पोलितब्यूरो सदस्य एवं मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा, केंद्रीय कमेटी सदस्य व पूर्व विधायक मंजू प्रकाश, तथा राज्य और जिला स्तर के कई नेता शामिल होंगे।

जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि वोटर अधिकार यात्रा से जनता में वोट चोरी के खिलाफ जागरूकता बढ़ी है और बदलाव की चेतना मजबूत हुई है। उन्होंने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अति गरीब 94 लाख परिवारों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने के महागठबंधन सरकार के निर्णय को पलटकर धोखा किया गया है। वहीं जीविका के माध्यम से 10 हजार रुपये की घोषणा घोटाले और घूसखोरी की भेंट चढ़ रही है, जबकि महिलाएं कर्ज के बोझ से कराह रही हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि माले और उसके जन संगठन “महिला कर्ज माफी से कम नहीं” अभियान चलाएंगे। इसके साथ ही भूमिहीन परिवारों को 5 डिसमल जमीन और पक्का मकान देने की मांग को लेकर भी आंदोलन तेज किया जाएगा।
जिला सचिव ने यह भी बताया कि सम्मेलन के बाद शाम 4:30 बजे समस्तीपुर जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में भाकपा-माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य की प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की जाएगी।













