-25 सितंबर को एक स्वर में गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’, बिहार में होगा सामूहिक गायन
मुंगेर। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में 25 सितंबर को बिहार में बड़े पैमाने पर सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन का आयोजन किया जाएगा। विद्या भारती के ‘नमामि भारतम’ अभियान के तहत पूर्वाह्न 11 बजे समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ, एक समय और एक लय में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करेंगे।
कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए विद्या भारती की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र के संगठन मंत्री ख्यालीराम और भारती शिक्षा समिति व शिशु शिक्षा प्रबंध समिति, बिहार के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने प्रचार विभाग के कार्यकर्ताओं के साथ ऑनलाइन बैठक कर आयोजन की रूपरेखा तय की।

इसी क्रम में सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानीगंज, मुंगेर में भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति, बिहार के प्रदेश मंत्री नरेंद्र कुमार सिंह ने मुंगेर विभाग के अंतर्गत संचालित सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिरों के प्रधानाचार्यों तथा प्रबंधकारिणी समिति के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा महत्वपूर्ण राष्ट्रभाव का प्रतीक है। इसके 150वें वर्ष का अवसर समाज को राष्ट्रभाव से एकजुट होने का संदेश देता है।
निर्देश के अनुसार प्रत्येक विद्यालय अपने परिसर के अलावा क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भी सामूहिक गायन का आयोजन करेगा। प्रत्येक केंद्र पर कम से कम 100 प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकतम प्रतिभागियों की संख्या पर कोई सीमा नहीं होगी। जिन लोगों ने पहले पंजीकरण नहीं कराया है, उनके लिए आयोजन स्थल पर ही स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
आयोजकों ने अभिभावकों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के लोगों से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम स्थल पर सुबह 10:30 बजे से लोगों का एकत्रीकरण शुरू होगा और ठीक 11 बजे सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा।












