-नवरात्रि पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कटरा मां चामुंडा मंदिर में की पूजा-अर्चना, मुजफ्फरपुर की बढ़ी राष्ट्रीय पहचान
मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।
नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुजफ्फरपुर पहुंचे। उन्होंने मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड स्थित ऐतिहासिक मां चामुंडा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
उपराष्ट्रपति पटना से विशेष वायुसेवा विमान द्वारा सीधे कटरा प्रखंड के धनौर हेलीपैड पर उतरे। वहां से करीब ढाई किलोमीटर की दूरी तय कर सड़क मार्ग से मंदिर पहुंचे। लगभग 30 मिनट तक उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना की।
इस दौरान बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष विजय सिंह, वैशाली सांसद वीणा देवी और मुजफ्फरपुर सांसद सह मंत्री राज भूषण निषाद समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।उपराष्ट्रपति ने माता की आराधना की और मंदिर समिति के सदस्यों से मुलाकात की।

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि उपराष्ट्रपति के चुनाव के बाद से ही यहां आने की योजना बन रही थी। नवरात्रि के अवसर पर इस आगमन से मंदिर और क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बढ़ी है।
उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हेलीपैड से मंदिर तक सड़क मार्ग पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती रही। पूरे मंदिर प्रांगण की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से की गई। वहीं मंदिर परिसर और आसपास की सड़कों पर विशेष साफ-सफाई और सजावट की गई।
मंदिर परिषद के भीतर पुरातत्व विभाग की टीम ने तकनीकी निगरानी भी संभाली। श्रद्धालुओं में उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला।
ऐतिहासिक मां चामुंडा मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है बल्कि क्षेत्रीय सांस्कृतिक धरोहर भी माना जाता है। उपराष्ट्रपति का यह दौरा इसे राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।












