Advertisement

20 हजार का इनामी शराब तस्कर राजा बाबू गिरफ्तार, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

-20 हजार का इनामी शराब तस्कर राजा बाबू गिरफ्तार, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

मोतिहारी। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी शराब तस्कर राजा बाबू को जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी चिरैया थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। उस पर शराब कारोबार से जुड़े आधे दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, राजा बाबू काफी समय से फरार चल रहा था और लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। गुप्त सूचना मिली थी कि वह क्षेत्र में सक्रिय है और किसी बड़ी योजना या ठिकाना बदलने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर एसटीएफ के साथ संयुक्त छापेमारी शुरू की गई। घेराबंदी कर पुलिस ने उसे दबोच लिया।

बताया गया कि गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ चिरैया थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत करीब आधे दर्जन मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर से 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय से फरार रहने के कारण वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।

कार्रवाई के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराब तस्करों और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से इनामी और फरार अपराधियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता। यह गिरफ्तारी जिला पुलिस और एसटीएफ के बेहतर समन्वय का परिणाम है।”

गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब राजा बाबू के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पूछताछ में सीमावर्ती इलाकों से शराब की खेप मंगवाने और सप्लाई करने वाले कई अन्य तस्करों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।