-18 को विशेष लोक अदालत, चेक बाउंस मामलों के निपटारे के लिए जिले भर में निकले 5 प्रचार रथ
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
चेक बाउंस और अन्य मामलों का त्वरित निपटारा कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण द्वारा 18 जुलाई 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोमवार को जिला न्यायालय परिसर से 4 प्रचार रथ और 1 स्थायी लोक अदालत जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अभिषेक कुमार दास ने रथों को रवाना किया। ये रथ जिले के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में घूमकर लोगों को लोक अदालत के फायदे बताएंगे।
– समय और धन दोनों की बचत
इस अवसर पर डीएलएसए सचिव नितिन त्रिपाठी ने कहा कि विशेष लोक अदालत न्याय पाने का सबसे सरल और तेज माध्यम है। नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट यानी चेक बाउंस के मामलों में अगर दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौता कर लेते हैं तो विवाद तुरंत खत्म हो जाता है। इससे अनावश्यक मुकदमेबाजी, समय, धन और श्रम तीनों की बचत होती है।

उन्होंने कहा कि प्राधिकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान करें। इसी के लिए बड़े स्तर पर प्रचार अभियान चलाया जा रहा है।
– किन मामलों का होगा निपटारा
18 जुलाई की विशेष लोक अदालत में मुख्य रूप से चेक बाउंस के मामलों पर फोकस रहेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सभी वादकारियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अदालत में उपस्थित होकर आपसी समझौते के जरिए अपने मामले निपटाएं।
कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र प्रसाद, राजविजय सिंह, रमेश रंजन सिंह, श्री अभिषेक आनंद, विद्या प्रसाद, सीजेएम पुनीत कुमार तिवारी, एसडीजेएम
श्वेता सिंह, एसडीजेएम प्रसेनजीत सिंह सहित कई न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता और न्यायालय कर्मी मौजूद थे।












