-16 महीने तक जिंदगी से लड़ते रहे चंद्रकिशोर, सड़क हादसे के जख्म ने आखिर ले ली जान
मुजफ्फरपुर। मनियारी थाना क्षेत्र के रामदयालु-कांटी हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होकर पिछले 16 महीनों से कोमा में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हरपुर बलड़ा पंचायत के माधोपुर चिकनी निवासी चंद्रकिशोर पंडित (38 वर्ष) का रविवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, चंद्रकिशोर पंडित अपने बेटे को बाइक से मैट्रिक परीक्षा दिलाने जा रहे थे। इसी दौरान रामदयालु-कांटी हाईवे पर एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और तब से लगातार कोमा में थे।
पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि गौरी शंकर शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद उनका कई महीनों तक पटना में इलाज कराया गया। बाद में परिजन उन्हें घर ले आए और लगातार उपचार कराते रहे, लेकिन 16 महीने तक संघर्ष करने के बाद रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

इस लंबे इलाज ने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया। इलाज पर भारी खर्च होने के कारण परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। चंद्रकिशोर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का पीड़ित परिवार के घर पहुंचना शुरू हो गया। प्रभारी मुखिया रीता देवी, मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार सहनी, सरपंच प्रतिनिधि गौरव सिंह, पैक्स अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा समेत कई सामाजिक और राजनीतिक लोगों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर कदम उठाने और पीड़ित परिवार को सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।












