-1002 करोड़ की लागत से 1327 योजनाओं का शिलान्यास
-पटना स्मार्ट सिटी के ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों के एकीकरण व स्वचालन योजना का भी उद्घाटन
पटना। दीपक कुमार तिवारी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत 1002 करोड़ रुपये की लागत से 1327 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम पटना के गांधी मैदान स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकसित ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों के एकीकरण एवं स्वचालन योजना का बटन दबाकर उद्घाटन किया। इस योजना से राजधानी पटना के जलनिकासी तंत्र को तकनीकी रूप से नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी, जिससे मॉनसून के दौरान जलजमाव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के समक्ष इस मौके पर नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा तैयार एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई और विकास योजनाओं पर आधारित एक विवरणिका का विमोचन भी किया गया।

समग्र शहरी विकास योजना का उद्देश्य:
जुलाई 2024 में शुरू की गई इस योजना के अंतर्गत बिहार के शहरी क्षेत्रों में सड़क निर्माण, जलनिकासी, पार्कों और तालाबों का सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट्स जैसी आधारभूत संरचनाओं के विकास पर जोर दिया जा रहा है। बुडको को इन योजनाओं की कार्य एजेंसी बनाया गया है।
राज्य के 38 जिलों में कुल 1327 योजनाओं का चयन किया गया है, जिनमें से उत्तर बिहार के लिए 624 और दक्षिण बिहार के लिए 703 योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है। योजनाओं की प्राथमिकता जिला स्तर पर प्रभारी मंत्रियों की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा तय की जा रही है।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति:
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, नगर विकास मंत्री जिवेश कुमार, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के प्रभारी मंत्री एवं जिलाधिकारी भी कार्यक्रम से जुड़े।












