Advertisement

स्वास्थ्य विभाग में बड़ा बदलाव: 26 हजार नई बहाली की घोषणा, तीन मेडिकल कॉलेज अगले वर्ष तक तैयार

-स्वास्थ्य विभाग में बड़ा बदलाव: 26 हजार नई बहाली की घोषणा, तीन मेडिकल कॉलेज अगले वर्ष तक तैयार

पटना। ब्यूरो।

बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रियों ने कार्यभार संभालना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पूर्व मंत्री रह चुके मंगल पांडेय ने मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में बहुत जल्द 26 हजार पदों पर बहाली की जाएगी, वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत 7,600 पदों पर भी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बहाली प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए ताकि अस्पतालों में कर्मियों की कमी दूर की जा सके।

तीन मेडिकल कॉलेज अगले वर्ष तक होगा तैयार:

मंत्री ने बताया कि वैशाली, भोजपुर और सीवान में बन रहे तीन नए मेडिकल कॉलेज अगले वर्ष तक पूरी तरह तैयार हो जाएंगे। इसके साथ ही आयुष सेवाओं के विस्तार पर भी तेजी से काम चल रहा है। पटना में आयुष अस्पताल बनकर तैयार है और दरभंगा, बेगूसराय, मधुबनी, गया, सीवान, गोपालगंज और मोतिहारी में भी आयुष अस्पताल खोले जाएंगे।

440 अस्पतालों में मुफ्त आंख जांच सुविधा:

उन्होंने कहा कि अब राज्य के 440 अस्पतालों में मुफ्त आंख जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है और जरूरतमंदों के बीच चश्मा भी वितरित किया जा रहा है। साथ ही जीविका दीदियों के माध्यम से अस्पतालों में भोजन वितरण की व्यवस्था भी शुरू की गई है।

पटना में देश का सबसे बड़ा ऑर्थो अस्पताल:

मंत्री मंगल पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की परिकल्पना के अनुसार राजधानी पटना में 400 बेड का देश का सबसे बड़ा ऑर्थो अस्पताल तैयार किया जा रहा है, जो अगले तीन महीने में पूर्ण रूप से बनकर तैयार हो जाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में अगले तीन महीनों में 610 नए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा।

> मंगल पांडेय ने कहा—”हमारा लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाएं गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इसके लिए हम निरंतर काम कर रहे हैं।”