Advertisement

सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा दुर्गा पूजा का त्योहार : डीएम

-सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा दुर्गा पूजा का त्योहार : डीएम

– कहा, विधि व्यवस्था दुरुस्त रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में

मोतिहारी , राजन द्विवेदी ।

समाहरणालय स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में आज जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक की जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में हुई। डीएम ने कहा कि आप सभी के सहयोग से दुर्गा पूजा के त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द पूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। इस दौरान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता विधि व्यवस्था रहेगी। उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुगम यातायात तथा सुदृढ़ विधि-व्यवस्था का संधारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारियों को इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया गया है।
बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी ने शांति समिति के सभी सदस्य गण का स्वागत किया और सभी सदस्यों से बारी बारी से उनके क्षेत्र में दुर्गा पूजा की तैयारी की जानकारी प्राप्त की। सभी सदस्य गणों ने बताया कि शांति समिति के सदस्य सक्रिय हैं, जो प्रशासन को हर संभव मदद करते हुए नवरात्रि के महाउत्सव को सफल बनाने में सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष दुर्गा पूजा का त्यौहार 22 सितंबर 2025( सोमवार) कलश स्थापना से प्रारंभ होकर, सप्तमी एवं महाअष्टमी 29 एवं 30 सितंबर, महानवमी दिनांक 01 अक्टूबर एवं विजयदशमी दिनांक 02 अक्टूबर 2025 को मनाये जाने की सूचना है। प्रशासनिक दृष्टिकोण से इस पर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए काफी सतर्कता बरती जा रही है। कभी-कभी अफवाहों के कारण गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है। अफवाह पर ध्यान नहीं देना है एवं जो भी सूचना हो उसे मेरे मोबाइल नंबर पर भी दी जा सकती है। डीएम ने कहा कि जिले में संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया गया है। वहां की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी। सभी चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की विशेष प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
डीएम ने कहा कि थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। शांतिपूर्ण तथा सद्भाव के साथ इस पर्व को संपन्न कराने संबंधी सभी जरूरी निर्देश पूजा समितियां को दिए जा रहे हैं। जिसमें मुख्य रूप से मूर्ति स्थापना के लिए लाइसेंस लेना, लाउडस्पीकर एक्ट का अनुपालन सुनिश्चित करना, सभी पूजा पंडाल के लिए बिजली कनेक्शन एवं फायर सेफ्टी मेजर का उपयोग, बड़े पंडालो के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार, विवादित स्थल पर मूर्ति स्थापना नहीं हो यह सुनिश्चित करना, निर्धारित तिथि और निर्धारित मार्ग से ही विसर्जन हो इसे सुनिश्चित करना, विवादित मार्गो से विसर्जन जुलूस नहीं निकले इसे सुनिश्चित करना, विसर्जन जुलूस में उत्तेजक नारे नहीं लगे तथा डीजे को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। पूजा पंडाल के पास आतिशबाजी पर रोक लगा दी गई है।
जिला के वरीय पदाधिकारियों को अनुमंडल स्तर पर पर्यवेक्षन के लिए अलग से प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी अनुमंडल पदाधिकारी को संवेदनशील पूजा पंडालो के पास ऊंचे स्थानों पर वॉच टावर बनाने, सीसीटीवी कैमरा की अधिष्ठापन, फोटो कैमरा एवं वीडियो ग्राफर एवं ड्रोन की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया है।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डीजे को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। अस्त्र शस्त्र के प्रदर्शन पर भी रोक लगाई गई है। जिला स्तर से लेकर अनुमंडल स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम गठित कर दी गई है जो सभी स्थितियों पर नजर रखेगी। बाइक पेट्रोलिंग से भी लगातार गस्ती कराया जाएगा। महिला सुरक्षा बल की प्रतिनिनियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा सादे लिवास में भी पुलिस के जवान तैनात रहेंगे जो हर तरह की स्थिति पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि खतरनाक घाटों पर विसर्जन नहीं हो इसकी व्यवस्था शांति समिति एवं स्थानीय प्रशासन करेगी।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि अच्छे माहौल में दुर्गा पूजा को संपन्न कराया जाएगा। जिला प्रशासन पूरा सहयोग करेगा। शांति समिति के लोग भी तत्पर रहे यही अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि आप सभी ने सभी पर्व त्यौहार के अवसर पर हमेशा से सहयोग किया है और आगे भी यही अपेक्षा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा असामाजिक तत्वों के विरूद्ध निरोधात्मक एवं दण्डात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
नगर निगम के नगर आयुक्त ने कहा कि पूजा पंडालो के आस पास साफ सफाई पर नगर निगम का पूरा ध्यान केंद्रित रहेगा। सुबह और शाम दो पालीयों में सफाई टीम भेज करके सफाई कराई जाएगी। पूजा समितियों से भी अपेक्षा है कि वह पूजा पंडाल सहित आसपास की जगह को स्वच्छ बनाने में सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर महापौर प्रीति गुप्ता, उप महापौर डॉ लालबाबू प्रसाद, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा, पीजीआरओ एडीएम शैलेंद्र कुमार भारती, उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिला के सभी अंचलों से आए शांति समिति के सदस्य गण उपस्थित थे।