Advertisement

सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के 1000 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने मनाया ‘स्वाभिमान पर्व’

-सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के 1000 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने मनाया ‘स्वाभिमान पर्व’

मुजफ्फरपुर। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा के एक हजार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की ओर से शनिवार, 10 जनवरी 2026 को ‘स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बाबा गरीबनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धा और राष्ट्रभाव के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती एवं ‘ओंकार’ के सामूहिक जप से की गई। पूजा-अर्चना का संचालन बाबा गरीबनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक ने किया। आयोजन का उद्देश्य सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, उसके पुनर्निर्माण और भारत की सांस्कृतिक स्वाभिमान की भावना को स्मरण करना रहा।
इस अवसर पर भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की अस्मिता, आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक है। इतिहास में आए अनेक आघातों के बावजूद भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को कोई समाप्त नहीं कर सका। सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण हमारी अदम्य इच्छाशक्ति और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत उदाहरण है। ‘स्वाभिमान पर्व’ के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया है।


कार्यक्रम में जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, रंजन कुमार ओझा, महिला मोर्चा अध्यक्ष मोनालिसा, युवा मोर्चा अध्यक्ष दिवाकर शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और राष्ट्रीय स्वाभिमान को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की आस्था, आत्मसम्मान और पुनर्निर्माण की अदम्य भावना का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जोड़ने और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और राष्ट्रभाव के साथ संपन्न हुआ।