Advertisement

सीतामढ़ी में सीएसपी लूटकांड का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार, दो अब भी फरार

-सीतामढ़ी में सीएसपी लूटकांड का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार, दो अब भी फरार

सीतामढ़ी। सर्वधीर मिश्रा।
सीतामढ़ी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हाल ही में हुए सीएसपी संचालक लूटकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान की।
एसडीपीओ ने बताया कि इस लूटकांड में कुल पांच अपराधी शामिल थे, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अब भी फरार हैं। अपराधियों ने सीएसपी संचालक से करीब 3.5 लाख रुपये लूट लिए थे। हालांकि भागने के दौरान कुछ रुपये घटनास्थल पर ही गिर गए थे, जिन्हें बरामद कर लिया गया।
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि एक आरोपी अयोध्या अपने परिवार के साथ चला गया था, जबकि दूसरा आरोपी नेपाल भाग गया था।


सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए परसौनी थाना क्षेत्र के सूरज महतो को अयोध्या से लौटने के दौरान रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। वहीं, फेकन शाह को नेपाल से वापस आने के बाद दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से बरामद मोबाइल फोन की जांच के दौरान उसमें मिले वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक अन्य आरोपी कन्हैया कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि फरार दो अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।