-सीएम नीतीश कुमार से मिले जमीनी नेता-कार्यकर्ता, टिकट को लेकर मंथन तेज;महेश्वर भी दिखे ख़ुश
पटना/मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।
बिहार के मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार शुक्रवार को पटना में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से रूबरू हुए। राज्य के विभिन्न जिलों से आए नेता-कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से आमंत्रण मिला था। बताया गया कि इन नेताओं ने पहले पार्टी कार्यालय में अपना बायोडाटा जमा किया था, जिसके बाद उन्हें मिलने का मौका मिला।
इस कड़ी में मुजफ्फरपुर की हॉट सीट मानी जाने वाली गायघाट विधानसभा से पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव भी अपने पुत्र प्रभात किरण के साथ पहुंचे। मुलाकात के बाद उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा—“हमें टिकट भी मिलेगा और जीतेंगे भी। पूरी तैयारी है।” गौरतलब है कि इस बार महेश्वर यादव अपने पुत्र को मैदान में उतारने की कोशिश में हैं। वहीं, इसी सीट से एनडीए खेमे में लोजपा(आर) से पूर्व प्रत्याशी रही कोमल सिंह भी प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। कोमल सिंह जदयू एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह की पुत्री और वैशाली से लोजपा(आर) की सांसद वीणा देवी की बेटी हैं। आपको बता दें कि वर्तमान में गायघाट से आरजेडी के निरंजन राय विधायक हैं।

इसी तरह सकरा विधानसभा क्षेत्र से जदयू नेता एवं पूर्व प्रमुख अनिल राम भी सीएम से मिले। उन्होंने बताया कि वे पिछले 17 सालों से पार्टी से जुड़े हैं और पूर्व विधायक सुरेश चंचल के बाद से लगातार सक्रिय हैं। अनिल राम का कहना है कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात ध्यान से सुनी और पूरा भरोसा दिलाया। आपको बता दें कि सकरा में अशोक कुमार चौधरी वर्तमान विधायक हैं। सकरा जननायक कर्पूरी ठाकुर और पूर्व सांसद मंजय लाल की कर्मभूमि तथा बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष रहे स्व. शिवनंदन पासवान की जन्मभूमि रहा है।
बहरहाल कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश कुमार सीधे तौर पर जमीनी स्तर के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। वे न केवल उनका बायोडाटा ले रहे हैं बल्कि स्थानीय हालात का फीडबैक भी ले रहे हैं। पार्टी नेताओं के मुताबिक, यही पारदर्शिता जदयू को अन्य दलों से अलग करती है।













