-सीएम नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ कल मुजफ्फरपुर में, 850 करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल अपनी महत्वाकांक्षी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत मुजफ्फरपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस यात्रा को जिले के लिए विकास की नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री करीब 850 करोड़ रुपये की विभिन्न कल्याणकारी और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की सौगात देने वाले हैं।
मुख्यमंत्री की यात्रा और जिले में चल रहे सरस्वती पूजा उत्सव को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सीएम के कार्यक्रम को लेकर पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। शहर के प्रवेश द्वारों से लेकर जनसभा स्थल तक कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।

जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और एसएसपी ने संयुक्त रूप से तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को ज्वाइंट ब्रीफिंग के दौरान पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी कार्यक्रम की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, साथ ही एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अपनी पूर्व की ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान घोषित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे। इसके लिए सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें ‘सात निश्चय-2’, ‘हर खेत तक पानी’ सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री की इस यात्रा से जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।











