Advertisement

सिवान में कार्यकर्ताओं संग संवाद कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री – बिहार का विकास लगातार जारी

-सिवान में कार्यकर्ताओं संग संवाद कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री – बिहार का विकास लगातार जारी

-अगले पाँच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार

पटना/सिवान, 07 सितम्बर 2025 :
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सिवान जिले के पचरुखी प्रखंड अंतर्गत पपौर ग्राम स्थित डी०वी०एम० ग्लोबल स्कूल परिसर में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार निरंतर विकास के मार्ग पर अग्रसर है और आने वाले पाँच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए की सरकार बनने के बाद से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, जल, उद्योग और कृषि के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का संकल्प लिया गया था, जिसमें अब तक 10 लाख नौकरियां और 39 लाख रोजगार प्रदान किये जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य का बजट 2005-06 में जहाँ 28 हजार करोड़ रुपये था, वह अब बढ़कर 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में लिये गये निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवाओं की पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गयी है। साथ ही अब घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली लगभग मुफ्त दी जा रही है और इच्छुक परिवारों को सोलर पैनल लगाने की सुविधा भी दी जायेगी।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” की शुरुआत की गयी है, जिसके तहत हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने हेतु 10 हजार रुपये की राशि और व्यवसाय सफल होने पर 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार से बिहार को निरंतर सहयोग मिल रहा है। सड़कों, उद्योगों, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण योजनाओं के साथ ही बिहार को मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट, पश्चिमी कोसी नहर एवं खेलो इंडिया यूथ गेम्स जैसे बड़े प्रोजेक्ट मिले हैं।

सिवान जिले में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि यहाँ मेडिकल कॉलेज-अस्पताल, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, जीएनएम एवं पारा मेडिकल संस्थान स्थापित किये गये हैं। सड़कों और पुलों के निर्माण से जिले की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाया गया है।

कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दें और चुनाव में पूरी सक्रियता से योगदान करें। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सांसद विजया लक्ष्मी देवी, विधायक कर्णजीत सिंह, विधायक देवेशकांत सिंह, पूर्व सांसद कविता सिंह, पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित थे।