-साइबर क्राइम पर आधारित हिंदी थ्रिलर ‘कंट्रोल’ 10 अक्टूबर को सिनेमाघरों में : अभय सिन्हा
-सच और छल के बीच जूझने वाला है मेरा किरदार : ठाकुर अनुप सिंह
-डिजिटल युग की सबसे बड़ी सच्चाई से रूबरू कराने वाली है ‘कंट्रोल’ : रोहित रॉय
पटना, 05 अक्टूबर : डॉ. जयंतिलाल गड़ा की पेन स्टूडियोज़ और यशी स्टूडियोज़ मिलकर एक रोमांचक साइबर क्राइम थ्रिलर ‘कंट्रोल’ लेकर आ रहे हैं, जो 10 अक्टूबर 2025 को पूरे देश के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म का निर्देशन सफदर अब्बास ने किया है, जबकि निर्माण अभय सिन्हा और धवल गड़ा ने किया है। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की जानकारी आज पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निर्माता अभय सिन्हा ने दी। उन्होंने बताया कि “कंट्रोल” सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि आज की डिजिटल दुनिया में इंसान की असली कमजोरी को उजागर करने वाली एक सामाजिक चेतावनी है।
अभय सिन्हा ने कहा कि “आज हर व्यक्ति अपने डिजिटल उपकरणों से बंधा हुआ है। हमारा डेटा, हमारी पहचान और हमारी निजी जानकारी ही सबसे बड़ा संसाधन बन चुकी है। ‘कंट्रोल’ इसी सच्चाई को पर्दे पर उतारती है — यह सवाल उठाती है कि क्या हम सच में अपने डिजिटल जीवन पर नियंत्रण रखते हैं या कोई और हमें नियंत्रित कर रहा है। यह फिल्म तकनीकी यथार्थ, भावनात्मक गहराई और मनोरंजन का एक सशक्त संगम है।”
अभय सिन्हा ने बताया कि फिल्म का टैगलाइन “आपका डेटा, उनकी ताकत है” सिर्फ एक लाइन नहीं, बल्कि एक चेतावनी है। उन्होंने कहा — “हम इस फिल्म के जरिए दर्शकों को न सिर्फ मनोरंजन, बल्कि जागरूकता देना चाहते हैं। आज हर व्यक्ति का डेटा किसी और की शक्ति बन चुका है। यह फिल्म उस अदृश्य खतरे पर रोशनी डालती है, जो हमारी रोजमर्रा की स्क्रीन के पीछे छिपा हुआ है।”

वहीं, फिल्म के मुख्य अभिनेता ठाकुर अनुप सिंह ने अपने किरदार को लेकर कहा कि “मेजर अभिमन्यु शास्त्री की भूमिका निभाना एक चुनौतीपूर्ण अनुभव था। वह एक ईमानदार, साहसी सेना अधिकारी हैं जो देश की रक्षा करते-करते खुद एक साइबर साजिश के जाल में फंस जाते हैं। यह किरदार सिर्फ एक सैनिक का नहीं, बल्कि उस हर व्यक्ति का प्रतीक है जो सच और छल के बीच जूझ रहा है।”
रोहित रॉय, जो फिल्म में एक नकारात्मक किरदार निभा रहे हैं, ने कहा कि “आज के डिजिटल युग में असली ताकत हथियार या पैसा नहीं, बल्कि सूचना और डेटा है। मेरा किरदार एक ऐसा मास्टरमाइंड है जो लोगों की पहचान और तकनीक का इस्तेमाल हथियार की तरह करता है। यह किरदार जितना खतरनाक है, उतना ही यथार्थ से जुड़ा हुआ भी है।” कंट्रोल’ एक चेतावनी है, एक दर्पण है और एक प्रश्न भी — क्या हम अपने जीवन पर वास्तव में नियंत्रण रखते हैं? 10 अक्टूबर को जब यह फिल्म सिनेमाघरों में उतरेगी, तो यह सिर्फ एक थ्रिलर नहीं, बल्कि डिजिटल युग की सबसे बड़ी सच्चाई से रूबरू कराने वाली फिल्म साबित होगी।
आपको बता दें कि फिल्म में प्रिया आनंद एक भावनात्मक केंद्र के रूप में दिखाई देंगी, जो कहानी में संवेदना और जुड़ाव का आयाम जोड़ती हैं। इनके अलावा राजेश शर्मा, यशपाल शर्मा, डेनज़िल स्मिथ, सिद्धार्थ बनर्जी, करण सिंह छाबड़ा, रोहन जोशी, रुद्रशीष मजूमदार और पलाक जैसवाल जैसे प्रतिभाशाली कलाकार भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के ट्रेलर में पहले ही दर्शकों को हाई-ऑक्टेन एक्शन और तकनीकी सस्पेंस का मिश्रण देखने को मिला है, जहां सत्य और छल, अराजकता और नियंत्रण के बीच संघर्ष दिखाया गया है। पी आर ओ रंजन सिन्हा हैं। मौके पर यशी स्टूडियोज के आदित्य सिन्हा और पंकज तिवारी भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे।












