-सर्वाइकल कैंसर रोकथाम को लेकर बंदरा में बड़ी पहल, BDO की अध्यक्षता में प्रधानाध्यापकों की अहम बैठक
मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।
प्रखंड बंदरा में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) आमना वसी की अध्यक्षता में सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें 14–15 वर्ष की बालिकाओं के लिए HPV वैक्सीनेशन (गार्डासिल वैक्सीन) कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में सर्वाइकल कैंसर के प्रति विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यह एक गंभीर बीमारी है, जो मुख्य रूप से HPV संक्रमण के कारण होती है। यह कैंसर शुरुआती चरण में बिना लक्षण के विकसित हो सकता है, लेकिन समय पर पहचान और टीकाकरण से इसे प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। खासकर किशोरावस्था (14–15 वर्ष) में यह टीकाकरण अत्यंत प्रभावी माना जाता है।

BDO आमना वसी ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में नामांकित 14–15 वर्ष की बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें। साथ ही अभिभावकों को जागरूक करने, टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि यह अभियान बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्त भविष्य की दिशा में एक अहम कदम है, जिसमें सभी विभागों और विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
बैठक में MOIC बंदरा डॉ. नौशाद आलम, BHM सहित स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी और सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।











