Advertisement

सरस्वती पूजा को लेकर राजापाकर थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे व अश्लील गानों पर रोक

-सरस्वती पूजा को लेकर राजापाकर थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे व अश्लील गानों पर रोक

राजापाकर — संजय श्रीवास्तव। आगामी 23 जनवरी को होने वाले सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर राजापाकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन अपर थाना अध्यक्ष संदीप मंडल ने किया।
बैठक में थाना क्षेत्र के सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सरस्वती पूजा के व्यवस्थापक, कोचिंग संचालक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि सरस्वती पूजा मुख्य रूप से छात्र-छात्राओं एवं बच्चों से जुड़ा पर्व है, इसलिए इसे पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा के दौरान डीजे-बाजे का प्रयोग नहीं किया जाएगा और किसी भी स्थिति में अश्लील गानों का प्रसारण नहीं होगा। पूजा एवं विसर्जन के दौरान केवल भक्ति गीत एवं देशभक्ति गीत ही बजाए जाएं।
बीडीओ ने कहा कि अश्लील गानों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ता है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी पूजा संचालकों को निर्देश दिया कि लाइसेंस के लिए थाना में आवेदन देकर कम से कम पाँच लोगों के नाम, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं मोबाइल नंबर जमा करें, जिसके बाद उन्हें लाइसेंस निर्गत किया जाएगा।


बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 23 जनवरी को पूजा संपन्न होने के बाद 24 जनवरी को सभी पूजा समितियां माता सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन अपने आसपास के नदी या तालाब में अनिवार्य रूप से करें। विसर्जन के दौरान यदि अधिक भीड़ होती है तो इसकी सूचना पुलिस को दी जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में तपसी प्रसाद सिंह, दीपक सिन्हा, सुबोध पटेल, डॉ. मुस्तफा कमाल पाशा, संजय कुमार झा, अनिल कुमार, अमरेंद्र कुमार शंकर, हरमंगल राय, दीपक कुमार सिंह, सिताब राय, अशोक कुमार सिंह, सत्येंद्र नारायण सिंह, चंद्रकांत कुमार, संजय पासवान, रामप्रवेश पासवान, अमरजीत कुमार, जगन महतो, रंजीत प्रसाद सिंह, मंतोष कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।