Advertisement

समृद्धि यात्रा में मुख्यमंत्री को भेंट की गई केले के रेशे से बनी कलाकृति, नीलम दीदी के हुनर की हुई सराहना

-समृद्धि यात्रा में मुख्यमंत्री को भेंट की गई केले के रेशे से बनी कलाकृति, नीलम दीदी के हुनर की हुई सराहना

राजापाकर/वैशाली – संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर बाजार निवासी एवं जीविका से जुड़ी नीलम दीदी ने अपने अनोखे हुनर से एक बार फिर वैशाली जिले का नाम रोशन किया है। कृषि विज्ञान केंद्र हरिहरपुर से केले के रेशे से विभिन्न कलाकृतियां बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त नीलम दीदी ने शनिवार को वैशाली में आयोजित समृद्धि यात्रा के दौरान महुआ मेडिकल कॉलेज परिसर में लगे जीविका दीदी के स्टॉल पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को केले के रेशे से निर्मित उनकी कलाकृति भेंट की।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान प्रस्तुत की गई यह कलाकृति पूरी तरह केले के रेशे से तैयार की गई थी, जिसे देखकर मुख्यमंत्री ने सराहना की। उल्लेखनीय है कि नीलम दीदी स्वयं केले के रेशे से विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां बनाती हैं, जिसमें उनकी पुत्री व डिजाइनर अदिति राज का भी विशेष सहयोग रहता है।


नीलम दीदी द्वारा निर्मित कलाकृतियां प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री एवं कई वरिष्ठ अधिकारी-पदाधिकारियों को भेंट की जा चुकी हैं। इससे पूर्व वर्ष 2023 में वैशाली में आयोजित समाधान यात्रा के दौरान भी उन्होंने केले के रेशे से बनी भगवान जगन्नाथ की कलाकृति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भेंट की थी।
कृषि विज्ञान केंद्र, पूसा कृषि विश्वविद्यालय एवं कृषि विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में नीलम दीदी लगातार अपना स्टॉल लगाकर अपनी कला का प्रदर्शन करती रही हैं। वैशाली जिले में केले के रेशे से निर्मित कलाकृतियों के क्षेत्र में नीलम दीदी आज एक पहचान बन चुकी हैं। उनके द्वारा किया जा रहा कार्य महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मिसाल है, जो अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है।