🔥 -सकरी मन सहित बंदरा प्रखंड में श्रद्धा के साथ हुआ होलिका दहन, बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।
मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत सकरी मन गांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में होलिका दहन का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। गांव-गांव में पारंपरिक विधि-विधान के साथ लोगों ने होलिका जलाकर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।
सकरी मन गांव में शाम ढलते ही ग्रामीणों की भीड़ होलिका स्थल पर जुटने लगी। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद विधिवत मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन किया गया। आग की लपटों के साथ लोगों ने परिक्रमा की और परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।इस दौरान लोगों की टोलियां झाल-डम्फे पर होली पारंपरिक होली गीतों पर झूमती रही।

ग्रामीणों ने बताया कि होली से पहले होलिका दहन की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इसका ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि यह पर्व अधर्म और अहंकार के अंत तथा सत्य और भक्ति की विजय का प्रतीक है।
इस अवसर पर युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। कई स्थानों पर लोकगीत, भजन और पारंपरिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।
होलिका दहन के साथ ही अब क्षेत्र में रंगों के पर्व होली की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में रौनक बढ़ गई है और लोग आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की तैयारी में जुट गए हैं।












