Advertisement

शिकायत के बाद हरकत में आया पीएचईडी, राजापाकर में नल-जल योजना की पाइपलाइन लीकेज हुई दुरुस्त

-शिकायत के बाद हरकत में आया पीएचईडी, राजापाकर में नल-जल योजना की पाइपलाइन लीकेज हुई दुरुस्त

राजापाकर/संजय। प्रखंड के जाफरपट्टी पंचायत अंतर्गत अल्लीपुर मंझीपुर गांव के वार्ड संख्या-14 में नल-जल योजना की पाइपलाइन में लंबे समय से हो रहे लीकेज की समस्या का लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समाधान कर दिया। इससे स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-14 में ब्रह्मस्थान से दक्षिण-पूर्व पंच सदस्य चंदेश्वर सिंह के घर के निकट नल-जल योजना की पाइपलाइन काफी दिनों से क्षतिग्रस्त थी, जिससे पानी का लगातार रिसाव हो रहा था। स्थानीय लोगों ने इस समस्या की शिकायत वार्ड सदस्य सुबोध पटेल एवं पैक्स सदस्य दीपा कुमारी से की।


शिकायत मिलने के बाद वार्ड सदस्य एवं पैक्स सदस्य ने पीएचईडी की कनीय अभियंता (जेई) अनामिका कुमारी से समस्या के शीघ्र समाधान का आग्रह किया। इस पर जेई अनामिका कुमारी ने तत्काल विभागीय टीम को मौके पर भेजकर पाइपलाइन की मरम्मत कराई और लीकेज की समस्या का स्थायी समाधान कराया।
समस्या के समाधान की जानकारी मिलते ही पंचायत के मुखिया सत्येंद्र नारायण सिंह, समाजसेवी शंकर पासवान, पूर्व पंचायत समिति सदस्य प्रेम कुमार सिंह, पूर्व वार्ड सदस्य शीला देवी, पैक्स सदस्य दीपा कुमारी, पूर्व वार्ड सदस्य रामनरेश सिंह, पैक्स सदस्य सुनील सिंह, राजद पंचायत अध्यक्ष शिवरंजन उर्फ सकल सिंह, मनीष कुमार गुड्डू, अमरेश पासवान सहित अन्य ग्रामीणों ने पीएचईडी की कनीय अभियंता अनामिका कुमारी एवं विभागीय टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनसमस्याओं का इसी तत्परता से समाधान किया जाएगा।