-वोटर लिस्ट में धांधली, राहुल गांधी से करेंगे मतदाता शिकायत
बोचहां। विधानसभा क्षेत्र के बल्थी रसूलपुर गांव के बूथ संख्या 331 पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। गांव के दर्जनों मतदाताओं ने आरोप लगाया है कि बीएलओ रजनीश कुमार ने मनमाने ढंग से उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए।
आरोप है कि नौ ऐसे मतदाताओं के नाम भी काट दिए गए, जिन्होंने विधिवत फॉर्म भरकर जमा किया था। पीड़ितों ने बताया कि उनके नाम हटाने का कारण “फर्जी हस्तांतरण” बताया गया है। सबसे हैरानी की बात यह है कि एक दर्जन से अधिक मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं को इसी बहाने लिस्ट से बाहर कर दिया गया।
पीड़ित मोहम्मद फैयाज, मो. राजू, गुलाम रब्बानी, इशरत खातून, मो. अजीज, बुली खातून, खुशबू खातून, सहनुमा सादिया, आसमीन खातून समेत कई लोगों ने बताया कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि उनके मतदान अधिकार को छीनने की कोशिश है।

राहुल गांधी की यात्रा से गरमा गया मामला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मत अधिकार यात्रा आज इसी गांव के हाईवे से गुजरने वाली है। इस मौके पर पीड़ित मतदाताओं ने सीधे राहुल गांधी से मिलकर शिकायत करने का ऐलान किया है।
बीएलओ का विवादित बयान:
महिला राजीबुल खातून ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपने विकलांग पति अब्दुल मुस्तफा का नाम जुड़वाने की बात कही, तो बीएलओ ने असंवेदनशील टिप्पणी करते हुए कहा– “वह बूढ़े हो गए हैं, जाने वाले हैं, उनका नाम जुड़वाकर क्या करेंगे?” इस बयान से ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया।
शिकायत पर कार्रवाई अधूरी:
मतदाताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित शिकायत दी है और दोषी बीएलओ पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लेकिन प्रशासन ने उन्हें सिर्फ फिर से फॉर्म भरने की सलाह दी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, वे जिला प्रशासन और राज्य सरकार से अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।











