Advertisement

वैशाली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देशी कट्टा, कारतूस और लूटी गई अपाची बाइक बरामद, सात बदमाश फरार

-वैशाली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देशी कट्टा, कारतूस और लूटी गई अपाची बाइक बरामद, सात बदमाश फरार

वैशाली। जिले के गोरौल थाना पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और लूटी गई एक अपाची बाइक बरामद की है। हालांकि पुलिस को देखकर तीन बाइक पर सवार सात संदिग्ध बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सहायक अवर निरीक्षक (एसआई) बेबी कुमारी पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्ती पर थीं। इसी दौरान सोंधो गोला के पास विपरीत दिशा से तीन बाइक पर सवार सात संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखते ही सभी बदमाश अपनी बाइक मोड़कर भागने लगे।
पुलिस ने उनका पीछा किया। इस दौरान भानपुर वरेवा गांव के निकट बदमाश एक अपाची बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके की तलाशी ली तो बाइक के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।


जांच में पता चला कि बरामद अपाची बाइक 20 जुलाई को लालगंज थाना क्षेत्र के लखनसराय गांव के समीप मिल्क पार्लर संचालक एवं बेलसर थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी दीपक कुमार से लूटी गई थी। उस घटना में बदमाशों ने बाइक के साथ तीन हजार रुपये नकद भी लूट लिए थे।
इस मामले में गोरौल थाना में सात अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
गोरौल थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सभी फरार बदमाशों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता और दबाव के कारण बाइक छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।